विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिगरी मेला में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए चलेंगी 25 रोडवेज बसें, इन रूट से होगा संचालन

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:34 PM (GMT+05:30)

रोडवेज ने ब्रजघाट और तिगरी गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए विशेष बसें चलाने की व्यवस्था की है। 25 बसें श्रद्धालुओं को सीधे गंतव्य तक पहुंचाएंगी।

रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े यात्री। फोटो- जागरण

रोडवेज बस स्टैंड पर खड़े यात्री। फोटो- जागरण

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए विशेष बसें चलेंगी।

  2. 23 और 24 नवंबर को 25 बसें उपलब्ध रहेंगी।

  3. श्रद्धालुओं को सीधे तिगरी मेले तक पहुंचाएंगी बसें।

जागरण संवाददाता, रामपुर। ब्रजघाट स्थित गंगा तट व तिगरी गंगा मेले में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान व दीपदान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। गंगा स्नान और दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रोडवेज ने विशेष बस संचालन की व्यवस्था की है।

सोमवार और मंगलवार यानी 23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं को तिगरी गंगा मेले तक पहुंचने के लिए सीधे बसें उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए रोडवेज की ओर से 25 बसें लगाई गई हैं।

इन बसों के संचालन से श्रद्धालुओं को बीच रास्ते में वाहन बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वहीं, ब्रजघाट स्थित पतित पावनी मां गंगा के तट पर स्नान के लिए जाने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दिल्ली रोड पर भी बसों का संचालन जारी रहेगा।

तिगरी मेला के लिए चलेंगी 25 बसें

गंगा मेले में स्नान के लिए इस बार भी काफी श्रद्धालुओं के जाने की संभावना है। इसको देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने सोमवार की सुबह से मंगलवार की देर शाम तक 25 बसों के संचालन की योजना बनाई है। हालांकि कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान मंगलवार को है लेकिन इससे एक दिन पूर्व यानी सोमवार को दीपदान के लिए भी काफी श्रद्धालु ब्रजघाट व तिगरी मेला जाते हैं।

ऐसे में निजी वाहनों के साथ ही सार्वजनिक परिवहन पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए ही रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। तिगरी जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधे गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 25 बसें संचालित की जाएंगी।

इन रूट से होगा बसों का संचालन

बसों का संचालन सोमवार की सुबह छह बजे से ही आरंभ कर दिया जाएगा। सभी बसें मुरादाबाद, जोया व गजरौला होकर तिगरी पहुंचेंगी। इससे खासकर परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं को सहूलियत मिलेगी।

इसके अलावा ब्रजघाट जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बसों की सुविधा मिलती रहेगी। दिल्ली रोड पर बसों का संचालन जारी रखने से गंगा स्नान के लिए जाने वाले यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी।

सभी बस चालकों को ब्रजघाट में रूक कर ही आने-जाने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज की इस व्यवस्था का उद्देश्य मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन सुविधा सुचारु बनाए रखना है।

दो दिन तक विशेष बस संचालन से श्रद्धालुओं को गंगा घाटों तक पहुंचने और स्नान के बाद वापस लौटने में राहत मिलने की उम्मीद है। रोडवेज की इस पहल से निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर यह योजना बनाई गई है।

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक तिगरी मेला में आकर्षण का केंद्र बना मिकी माउस, ट्रेन की सवारी और जंपिंग झूले बने पहली पसंद

यह भी पढ़ें- तिगरी गंगा मेला के लिए UP रोडवेज ने उतारा बसों का बेड़ा, कार्तिक पूर्णिमा पर पहुंचेगी श्रद्धालु की भारी भीड़

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।