ऐतिहासिक तिगरी मेला में आकर्षण का केंद्र बना मिकी माउस, ट्रेन की सवारी और जंपिंग झूले बने पहली पसंद
अमरोहा के तिगरीधाम मेले में मनोरंजन चौकी बच्चों का मुख्य आकर्षण बनी हुई है। बच्चे ट्रेन, मिकी माउस, जंपिंग झूले और ऊंट की सवारी का खूब आनंद ले रहे हैं।

तिगरी मेले में लाइटों से जगमगाते झूले। फोटो- जागरण
HighLights
मनोरंजन चौकी बच्चों के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र।
ट्रेन, मिकी माउस, जंपिंग झूले बच्चों की पहली पसंद।
ऊंट की सवारी और मौत का कुआं भी लोकप्रिय।
संवाद सहयोगी, अमरोहा। तिगरीधाम मेले में मनोरंजन चौकी बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। यहां ट्रेन की सवारी, मिकी माउस, जंपिंग झूले और ऊंट की सवारी का बच्चे खूब आनंद उठा रहे हैं। मेले में बढ़ती चहल-पहल के बीच परिवारों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चे अपने स्वजन का हाथ थामकर मेले में घूमते नजर आ रहे हैं, ताकि भीड़ में कहीं बिछड़ न जाएं।
मनोरंजन चौकी पर बच्चों को सबसे अधिक ट्रेन की सवारी पसंद आ रही है। वहीं मिकी माउस और जंपिंग झूले पर भी बच्चों की भीड़ लगी हुई है। ऊंट की सवारी का आकर्षण भी कम नहीं है।
छोटे बच्चों के साथ महिलाएं भी ऊंट की सवारी का आनंद ले रही हैं। झूलों पर बच्चों के साथ बड़े भी खूब मस्ती कर रहे हैं। ऊंचाई पर पहुंचते ही कुछ झूलों का रोमांच लोगों की धड़कनें बढ़ा रहा है। मेले में खरीदारी के बाद लोग खेल-तमाशों का रुख कर रहे हैं।
खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की पसंद के सामान खरीदने के लिए भीड़ लगी हुई है। साफ्टी और पॉपकॉर्न की बिक्री भी खूब हो रही है। वहीं मौत के कुएं में बाइक और कार से हैरतअंगेज स्टंट दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं।
मेले में बच्चों के खोने और उन्हें उनके स्वजन तक पहुंचाने के लिए स्काउट भी सक्रिय हैं। भीड़ के बीच खोए बच्चों को सुरक्षित उनके स्वजन से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मनोरंजन, खरीदारी और खानपान के मेल से तिगरीधाम मेले में रौनक लगातार बढ़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।