संभल में 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
संभल में 13 नवंबर से दो दिवसीय 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव शुरू हो रहा है, जिसमें पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

HighLights
संभल में 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव 13 नवंबर से शुरू।
पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, व्यापक तैयारियां।
वंश गोपाल तीर्थ से चंद्रेश्वर महादेव तक परिक्रमा मार्ग।
जागरण संवाददाता, संभल। भगवान कल्कि के शीघ्र प्राकट्य की कामना और मोक्ष प्राप्ति की आस्था के साथ 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार 13 नवंबर को होगा। दो दिवसीय परिक्रमा में पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे लेकर तीर्थ स्थलों से लेकर परिक्रमा मार्ग तक तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, प्रकाश, स्वास्थ्य शिविर और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
फेरी परिक्रमा समिति के संरक्षक स्वामी भगवत प्रिय महाराज ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को सुबह स्नान-दान के बाद श्री वंश गोपाल तीर्थ से परिक्रमा प्रारंभ होगी। यहां से श्रद्धालु प्राचीन श्री भुवनेश्वर, श्री नैमिषारण्य तीर्थ, बाबा क्षेमनाथ के सिद्ध स्थल और श्री शिव मंदिर भवानीपुर होते हुए चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम होगा।
शिव की महाआरती के बाद परिक्रमा पूर्ण
14 नवंबर को तड़के तीन बजे भगवान शिव की महाआरती के बाद परिक्रमा पूर्ण होगी। इसके बाद श्रद्धालु पुनः वंश गोपाल तीर्थ पहुंचेंगे, जहां मेले का आयोजन होगा। शाम को श्री मनोकामना तीर्थ और अगले दिन सूर्यकुंड की फेरी का विधान है।
परिक्रमा प्रभारी राजेश सिंघल ने बताया कि जनसहयोग और प्रशासन के सहयोग से मार्ग की सफाई पूरी करा ली गई है। जगह-जगह प्रकाश व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी। परिक्रमा के लिए एक अधिकारी की नियुक्ति के साथ वंश गोपाल तीर्थ पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
12 नवंबर की रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उनके ठहरने के लिए विशाल पंडाल लगाया गया है। 12 नवंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पर भी रात्रि विश्राम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पंडाल व मंच तैयार किया गया है। समिति के पदाधिकारी और सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।