संभल में दबंगों के खौफ से परिवार ने छोड़ा गांव, पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप; इस छोटी सी बात पर हुआ था विवाद
संभल के पाली गांव में दबंगों के उत्पीड़न और पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से परेशान एक परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हो गया है।

HighLights
संभल में दबंगों के उत्पीड़न से परिवार ने गांव छोड़ा।
पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और धमकाने का आरोप।
जमीन पर जबरन रास्ता निकालने को लेकर विवाद।
जागरण संवाददाता, संभल। दबंगों के उत्पीड़न और पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से परेशान एक ग्रामीण का परिवार गांव छोड़ने को मजबूर हो गया है। थाना एचोड़ा कंबोह के गांव पाली निवासी भगवत ने आरोप लगाया है कि गांव के शीशपाल, सुनील और रघुवीर पक्ष के लोग उसके घेर की जमीन पर जबरन रास्ता निकालना चाहते हैं।
जबकि राजस्व अभिलेखों और नक्शे में वहां कोई रास्ता दर्ज नहीं है। लेखपाल भी लिखित रूप में स्पष्ट कर चुके हैं कि संबंधित जमीन पर नक्शे में कोई रास्ता नहीं है। इसके बावजूद दूसरा पक्ष दबंगई के बल पर जमीन पर रास्ता निकालने का दबाव बना रहा है।
आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान भगवत के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद से ही आरोपित पक्ष के लोग लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से भी की, मगर सुनवाई नहीं हो रही है।
यह भी पढ़ें- अखिलेश के अयोध्या वाले बयान पर भाजपा का पलटवार: MLC सुभाष यदुवंश बोले- सपा को अयोध्या पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं
भगवत ने हल्के के दारोगा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दारोगा आरोपित पक्ष के दबाव में काम करते हैं और उनके घर पहुंचकर धमकाते हैं। वहीं, दूसरा पक्ष झूठे मुकदमों में फंसाने के लिए पैरवी कर रहा है। ऐसे में परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इसलिए अब उनके सामने गांव छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।