संभल हिंसा मामले में तेज हुई पुलिस की कार्रवाई, सैकड़ों मकानों में लटके ताले; गलियों में पसरा सन्नाटा
Sambhal Violence Update संभल हिंसा मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारियां की जा रही हैं। संवेदनशील इलाकों में स ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, संभल। जामा मस्जिद इलाके में हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था को बहाल करने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। उपद्रवियों की पहचान कर लगातार गिरफ्तारी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं जामा मस्जिद इलाके में सैकड़ों मकानों में ताले लटके पड़े हैं। पुलिस अब उन मकानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की तैयारी में लगी है। 24 नवंबर को जामा मस्जिद में एडवोकेट कमिश्नर के सर्वे के दौरान हिंसा भड़की थी। इसमें उपद्रवियों में पुलिस पर पथराव करने के साथ फायरिंग और आगजनी जैसे घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस पर किया गया था पथराव
उसी दिन जब जामा मस्जिद इलाके में हिंसा शांत हुई तो उसके कुछ समय बाद ही नखासा थाना क्षेत्र के नखासा चौराहे से लेकर हिंदुपुरा खेड़ा तक उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया था। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि इस बात को 16 दिन बीत चुके हैं। शहर में अब हालात भी सामान्य हो चुके हैं, लेकिन पुलिस का पहिया अब घूम रहा है।

उपद्रवियों की गई पहचान
सीसीटीवी फुटेज और अन्य फोटो और वीडियो के माध्यम से उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है। लगातार दबिश देकर उनकी गिरफ्तारियां भी की जा रही हैं। अब पुलिस ने सर्च आपरेशन तेज कर दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों की हर गली और हर कोने को खंगाला जा रहा है। उपद्रवियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उधर, जामा मस्जिद इलाके में सैकड़ों मकानों में ताले लटके पड़े हैं। हालात सामान्य होने के बावजूद भी लोग अपने घरों को नहीं लौट सके हैं।

पुलिस का कहना है कि ये मकान उन लोगों के हो सकते हैं, जो उपद्रव में शामिल थे या पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए भाग गए हैं। पुलिस अब इन मकानों को चिह्नित करने की तैयारी कर रही है। मकान मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं जामा मस्जिद इलाके में पुलिस के साथ आरआरएफ के जवानों की तैनाती है। 24 घंटे संवेदनशील इलाकों में गश्त लगातार जारी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर आने जाने पर नजर रखी जा रही है। खुफिया पुलिस भी सक्रिय है।

दीपा सराय और तीमरदास सराय में पुलिस ने चलाया था सर्च अभियान
सोमवार की शाम पुलिस ने नखासा थाना क्षेत्र के मुहल्ला दीपा सराय और तीमरदास सराय में सर्च अभियान चलाया था। एसपी कृष्ण कुमार ने हिंसा में शामिल उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए दीपा सराय के 13 मकानों में छापेमारी की। जिसमें से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके पास 93 स्मैक की पुड़िया, दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ उनका पिछला आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।