Sambhal की बारिश में गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर पति-पत्नी घायल, अस्पताल में भर्ती
House Collapsed in Rain तीन दिन से लगातार हो रही बारिश में संभल में एक कच्चा मकान गिर गया। इसमें मलबे में दबने से ग्रामीण और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जागरण संवाददाता, संभल। House Collapsed in Rain : संभल में रविवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी रही। ऐसे में जहां मौसम में बदलाव देखने को मिला वही दूसरी तरफ लोगों का दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। एक ओर जहां ठंडक का एहसास हो रहा था तो दूसरी ओर क्षेत्र में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई थी।
कच्चा मकान गिरने से दंपती घायल
तीन दिन से लगातार हो रही बारिश में संभल में एक कच्चा मकान गिर गया। इसमें मलबे में दबने से ग्रामीण और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने दंपती को मलबे से निकाला
संभल के नखासा के गांव सलारपुर निवासी दानिश का मकान कच्चा है। तीन दिनों से लगातार हो रही बरसात के चलते रविवार को सुबह मकान भरभरा कर गिर गया। अंदर बैठे दानिश और उसकी पत्नी स्वादेदीन मलबे में दब गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।
अस्पताल में दंपती की हालत गंभीर
उपचार के लिए दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव अतरासी में भी बरसात में एक मकान गिर गया है। इससे एक महिला घायल हो गई है।
तेज हवा से बिजली लाइन पर गिर पेड़
तीन दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से जहां एक ओर जल भराव की स्थिति बन गई है वही दूसरी तरफ बिजली आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न हो गई। क्योंकि कई जगह बिजली लाइन पर पेड़ व टहनियां गिर गईं थी और इसकी वजह से तार टूट गए।
बिजली आपूर्ति भी हुई बाधित
आपूर्ति बाधित होने से बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों संग उपभोक्ता भी परेशान हो गए थे। ग्रामीण क्षेत्रों को जाने वाली लाइनों में ब्रेकडाउन की समस्या अधिक थी। वही नगर में भी कुछ फीडर की लाइन बारिश में फाल्ट के कारण बंद थीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।