संभल के जिस तालाब को अमृत सरोवर बना रहे थे, वह निकला शंख माधव तीर्थ... पर्टयन स्थल के रूप में होगा विकसित
(Sambhal News) संभल में स्थित शंख माधव तीर्थ (Sankh Madhav Teerth) एक प्राचीन तीर्थ स्थल है जिसका उल्लेख इतिहास की पुस्तकों में मिलता है। इस कुंड (Kund) में स्नान करने से मनुष्य धनी होता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु (Lord Vishnu) की प्रसन्नता के लिए शंख का दान करना चाहिए। सुंदरीकरण होने के बाद यहां आने को श्रद्धालु आकर्षित होंगे।
जागरण संवाददाता, संभल। जिस तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जा रहा था, वह शंख माधव तीर्थ निकला। बुधवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि तीर्थ की जानकारी इतिहास की पुस्तकों से मिली हैं।
अमृत सरोवर के लिए मिले 38 लाख रुपये से कुंड में लाल पत्थर से सीढ़ियां बनाई जाएंगी। बाहर भी प्रकाश, फर्श और बैठने की व्यवस्था कराई जाएगी।
चामुंडा मंदिर के सामने स्थित इस तालाब को अभी तक आम माना जाता था। इसे सरोवर का दर्जा देने के लिए 2022 में बजट जारी किया गया था। संभल के 68 तीर्थ और 19 कूप में से प्रशासन 41 तीर्थ और सभी 19 कूप तलाश कर चुका है। इनमें कई विलुप्त होने के कगार पर थे। पालिका प्रशासन के अनुसार पुस्तक शंभल दर्शन के अनुसार शंख माधव तीर्थ का दूसरा नाम श्वेत माधव तीर्थ है।
संभल के हल्लू सराय में स्थित शंख माधव तीर्थ। -जागरण
इस कुंड में स्नान करने से मनुष्य धनी होता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु की प्रसन्नता के लिए शंख का दान करना चाहिए। यहां मार्गशीर्ष शुल्क सप्तती व पंचमी को स्नान होता है। यह तीर्थ मोहल्ला हल्लू सराय स्थित चामुंडा मंदिर से पूर्व की ओर स्थित है। सुंदरीकरण होने के बाद यहां आने को श्रद्धालु आकर्षित होंगे।
तेजी से चल रहा बावड़ी ढकने का काम
चंदौसी में बावड़ी की खोदाई का काम बंद होने के बाद अब उसे बरसात से बचाने के लिए वाटरप्रूफ टेंट से ढकने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए बांस-बल्लियों से चार सौ वर्गमीटर क्षेत्र में ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसमें आधा दर्जन से अधिक बरेली के कारीगर लगे हैं। पुलिस व पीएसी के जवान तैनात हैं। 21 दिसंबर को एक शिकायत पर डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने खाली प्लाट की खोदाई शुरू कराई। उसमें भूमिगत दो मंजिला बावड़ी मिली है। ऊपर की एक मंजिल को ध्वस्त कर कब्जा कर लिया गया था।
भूमिगत दूसरी मंजिल में गैस निकलने से खोदाई रुकी है। पानी से बचाने के लिए बावड़ी को टेंट से कवर किया जा रहा है। रजपुरा में निकला शिवलिंग, पूजा करने को भीड़गांव मकसूदनपुर के पास महावा नदी किनारे मंगलवार को जमीन में अचानक पानी निकलने लगा। लोग पहुंचे तो पत्थर दिखा।
यह शिवलिंग की तरह था। पूजा करने वालों की भीड़ लग गई। भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण होने लगा। लोगों ने परिक्रमा भी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि यहां भगवान शंकर का वास है। ग्रामीणों ने एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया है।
सीओ के खिलाफ घायल के पिता ने कोर्ट की ली शरण
जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा में गोली लगने से घायल शहर के आलम के पिता यामीन ने सीजेएम कोर्ट में सीओ अनुज चौधरी व 15-20 अन्य पुलिसकर्मियों पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना दिया था। कोर्ट ने इस मामले में 17 फरवरी तक पुलिस से आख्या मांगी है। यामीन का कहना है कि बेटा दैनिक कार्य से बाजार गया था। वहां पुलिस की गोली से घायल हुआ है। अभी उसका उपचार कराया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।