Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देहरादून में बादल फटने से संभल की दो महिलाओं की मौत, नदी से पत्थर निकालने का काम करती थी दोनों

    Updated: Wed, 17 Sep 2025 08:52 AM (IST)

    संभल जिले की दो महिलाओं की देहरादून में बादल फटने से हुई दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि रानी और किरन के शव माजरी घाट से बरामद हुए। शवों को लाने के लिए अधिकारियों को देहरादून भेजा गया है। दोनों महिलाएं रजपुरा थाना क्षेत्र के लहरारतु गांव की रहने वाली थीं और देहरादून में पत्थर निकालने का काम करती थीं।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    संवाद सहयोगी, जागरण, बहजोई/संभल। देहरादून में बादल फटने से हुए हादसे में संभल जिले की भी दो महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के बताया गया है कि बरामद शवों में संभल जनपद की रानी पुत्री हीरालाल और किरन पत्नी अमरपाल का नाम शामिल है, जिनके शव माजरी घाट से बरामद किए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डीएम की ओर से शवों को लेने के लिए डिप्टी कलेक्टर रामानुज सिंह और चंदौसी के नायब तहसीलदार रजत कुमार को नामित किया गया है। दोनों अधिकारियों को देहरादून रवाना कर दिया गया है। इन दोनों अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि शवों को जिले में लेकर आएं। मृत महिलाएं रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव लहरारतु की निवासी थीं। इस गांव के करीब सात परिवार देहरादून में एक नदी में पत्थर निकालने का काम करते हैं।

    पत्थर निकालते समय अचानक फटा बादल

    मंगलवार को पत्थर निकालते समय अचानक बादल फटने से आई बाढ़ की चपेट में दोनों महिलाओं की मृत्यु हो गई। जानकारी होने के बाद देर रात परिवार के लोग भी देहरादून रवाना हो गए हैं। कलेक्टर रामानुज सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से नामित होने के बाद वे और नायब तहसीलदार रजत कुमार देहरादून जा रहे हैं। अब मृत महिलाओं के गांव और स्वजन की पुष्टि हो चुकी है, जिसके बाद शवों को लाने और सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।

    माजरी घाट से बरामद हुए शव, लहरा रतु गांव की थीं महिलाएं

    लहरा रतु गांव के पूर्व प्रधान राज्यपाल सिंह ने बताया कि गांव से जुड़े करीब सात परिवार लंबे समय से देहरादून में पत्थर निकालने का कार्य कर रहे हैं और घटना के समय भी महिलाएं इसी काम में लगी थीं। उधर गांव के नाम की पुष्टि न होने पर देर शाम बहजोई क्षेत्र के ग्राम लहरावन में चंदौसी तहसील प्रशासन की ओर से कानूनगो और लेखपाल सूचना के बाद पहुंचे थे कि शायद दोनों महिलाएं इस गांव की हैं, लेकिन ग्रामीणों ने बताया कि दोनों में से इस गांव की कोई नहीं है। अब प्रशासन की पुष्टि से साफ हो गया है कि मृत महिलाएं लहरा रतु गांव की थीं और हादसे में उनकी मौत हुई है।

    देहरादून में बादल फटने से हुए हादसे में संभल जनपद की दो महिलाओं की मौत की सूचना शासन से प्राप्त हुई। माजरी घाट से बरामद शवों की पहचान रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव लहरा रतु निवासी रानी पुत्री हीरालाल और किरन पत्नी अमरपाल के रूप में हुई है। शव लाने के लिए डिप्टी कलेक्टर रामानुज सिंह और तहसीलदार रजत कुमार को भेजा गया है। - डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल।