BJP नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या में सपा नेता समेत छह पर केस, बेटे ने कहा - 'राजनीतिक रंजिश में हुआ मर्डर'
Sambhal News भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या के मामले में उनके बेटे ने सपा ब्लॉक प्रमुख समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्लॉक प्रमुखी की राजनीतिक रंजिश के चलते सुनियोजित हत्या का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुलफाम सिंह यादव का अंतिम संस्कार राजघाट पर कर दिया गया।

संवाद सहयोगी, जागरण, बहजोई/संभल। भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या में बेटे ने चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें ब्लॉक जुनावई सपा के वर्तमान ब्लॉक प्रमुख रवि यादव और एक ग्राम प्रधान महेश कुमार के अलावा मुकेश यादव और धर्मा यादव निवासी मेंडोली थाना जुनावई और दो अज्ञात शामिल है। ब्लॉक प्रमुखी की राजनीतिक रंजिश के चलते सुनियोजित हत्या का दावा किया है और भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू ने भी कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
बता दें कि भाजपा नेता की एक दिन पूर्व पेट में इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई थी अब उनके बड़े बेटे व पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिव्य प्रकाश यादव ने इस हत्या को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि उनके पिता की हत्या ब्लॉक प्रमुख की राजनीति को लेकर की गई। उन्होंने दावा किया कि हत्या से पहले उनके पिता ने तीनों हमलावरों को पहचान लिया था। चार नाम पुलिस को सौंपे हैं, जिन पर शक जताया गया है। पुलिस अब इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।
भाजपा नेता की अंतिम यात्रा में शामिल लोग।
ये था घटनाक्रम
दिव्य प्रकाश ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे गुलफाम सिंह यादव अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित घेर में बैठे थे, तभी बाइक से आए तीन लोग उनसे मिलने पहुंचे। बातचीत के दौरान एक हमलावर ने उन्हें पकड़ लिया और दूसरे ने पेट में कोई जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। सिरिंज वहीं फेंक दी गई और भागते समय हमलावर अपना हेलमेट भी कुर्सी पर भूल गए। हमले के बाद भाजपा नेता की हालत बिगड़ने लगी, उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों और स्वजन को बुला लिया। परिवारजन तुरंत उन्हें अलीगढ़ ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
भाजपा नेता की अंतिम यात्रा में शामिल लोग।
राजघाट गंगा तट पर अंतिम संस्कार, शामिल हुए पार्टी के विधायक और पूर्व सांसद
देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव उनके गांव पहुंचा, जहां मंगलवार सुबह से ही हजारों ग्रामीण और राजनीतिक लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। मंगलवार दोपहर एक बजे राजघाट गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार शुरू हुआ, जिसमें संभल की जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर अनामिका यादव, संभल के पूर्व सांसद सत्यपाल सिंह सैनी, बदायूं की पूर्व सांसद संघमित्रा मौर्य, बदायूं के विधायक महेश चंद्र गुप्ता, संभल के भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, गुन्नौर के पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव समेत कई नेताओं ने भाग लिया। गुन्नौर से समाजवादी विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और शोक व्यक्त किया।
ये भी पढ़ेंः गलियों में सन्नाटा, हर किसी के जहन में नेता के जाने का दर्द... BJP के गुलफाम सिंह यादव की हत्या के बाद गांव का हाल
ये भी पढ़ेंः UP Weather News: 24 घंटे में बदलने वाला है UP का मौसम! होली से पहले बारिश की फुहारों में डूबेगा पश्चिमी यूपी
पिता की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। मरने से पहले उन्होंने पूरी बात बताई थी। जो लोग उन्हें मारने आए थे, उनके भी नाम बताए थे। हमने छह लोगों के विरोध पुलिस को शिकायत दी है जिस पर कार्रवाई की जा रही है। दिव्या प्रकाश यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख, विकास खंड, जुनावई।
गुलफाम सिंह यादव पार्टी निष्ठावान कार्यकर्ता बड़े पदाधिकारी थे। हमारे मार्गदर्शक थे। उनके हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा। हत्या करने का तरीका चाहे कोई भी हो लेकिन उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। इसके लिए पुलिस जांच में जुटी है। हरेंद्र सिंह उर्फ रिंकू, जिलाध्यक्ष, भाजपा।
भाजपा नेता की हत्या के मामले में बेटे की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ दी गई शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम में जांच में जुटी हुई है। जल्द ही हत्यारोपितों की गिरफ्तारी होगी। अनुकृति शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, दक्षिणी, संभल।
अर्थी को कंधा देने पहुंचे सपा और भाजपा नेता
गुलफाम सिंह यादव की अर्थी को कंधा देने के लिए भाजपा पदाधिकारियों, समाजवादी पार्टी समर्थकों और क्षेत्र के व्यक्तियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे यह मामला राजनीतिक रूप से और अधिक संवेदनशील हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।