विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाईदूज पर मुस्लिम भाई के घर पहुंची राज्यमंत्री गुलाब देवी, 27 साल से पेश कर रहीं सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:31 PM (IST)

राज्यमंत्री गुलाब देवी ने भाईदूज पर अपने मुस्लिम भाई मोहम्मद सलीम सैफी के घर जाकर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की।

चंदौसी में भाईदूज पर मुस्लिम भाई मुहम्मद सलीम को मिठाई और गोला भेंट करतीं राज्यमंत्री।

चंदौसी में भाईदूज पर मुस्लिम भाई मुहम्मद सलीम को मिठाई और गोला भेंट करतीं राज्यमंत्री।

HighLights

  1. राज्यमंत्री गुलाब देवी ने मुस्लिम भाई सलीम सैफी के घर भाईदूज मनाया।

  2. यह 27 साल पुरानी परंपरा, सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।

  3. सलीम सैफी ने पहले गुलाब देवी की बेटियों की शादी में भात दिया।

जागरण संवाददाता, चंदौसी। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक भाईदूज का पर्व बुधवार को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की।

वह पिछले 27 सालों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए जारई गेट निवासी अपने मुस्लिम भाई और कांग्रेस नेता मुहम्मद सलीम सैफी के घर पहुंचीं। राज्यमंत्री ने भाई सलीम सैफी को गोला और मिष्ठान भेंट कर उनका मुंह मीठा कराया, जबकि भाई की ओर से भी उन्हें उपहार दिया गया।

इस दौरान हिंदू बहन और मुस्लिम भाई के असीम स्नेह को देखकर सभी ने सराहना की। राज्यमंत्री ने आपसी भाईचारा बढ़ाने का संदेश दिया। खास बात यह है कि भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए सलीम सैफी ने इससे पहले राज्यमंत्री की बेटियों की शादी में भात देकर भाई का फर्ज निभाया था।

दोनों परिवारों के बीच दशकों से चला आ रहा यह आत्मीय रिश्ता चर्चा का विषय और आपसी सद्भाव की बड़ी मिसाल बना हुआ है। राज्यमंत्री द्वारा भाई को मिठाई और गोला भेंट करते और भाई द्वारा उपहार देने की वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही हैं।

यह भी पढ़ें- मंत्री गुलाब देवी को नागवार गुजरा MLC का भूमिपूजन, 39 दिन बाद खुद किया पूजन

यह भी पढ़ें- PM मोदी न होते तो देश के टुकड़े हो जाते, कांग्रेस ने हिंदुओं की आबादी रोकने के लिए कराई नसबंदी: मंत्री गुलाब देवी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।