गिग वर्कर बनकर दिल्ली-NCR से बाइक चुराते थे, संभल में बेचते थे; 3 गिरफ्तार
दिल्ली-एनसीआर में डिलीवरी बॉय बनकर बाइक चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का संभल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ...और पढ़ें

बहजोई में गिरोह का पर्दाफाश करते एएसपीमनोज रावत व पीछे खड़े आरोपित। सौ. पुलिस
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में डिलीवरी बॉय बनकर बाइक चोरी करते थे।
चोरी की बाइकें संभल में सस्ते दामों पर बेचते, पुर्जे खपाते थे।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 बाइकें बरामद कीं।
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। दिल्ली-एनसीआर में ब्लिंकिट, रैपिडो और अमेजन में डिलीवरी ब्वॉय का काम करने वाले युवक इसी की आड़ में बाइक चोरी का नेटवर्क चला रहे थे। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से चोरी की बाइक जनपद लाकर अलग-अलग स्थानों पर सस्ते दामों में बेच देते थे, जबकि कुछ बाइक भिरावटी में काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग खपाए जाते थे।
पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 बाइक, कटे हुए पुर्जे और चेसिस व इंजन नंबर मिटाने वाली ग्राइंडर मशीन बरामद की गई है।
चेकिंग में हुआ खुलासा
बहजोई स्थित कार्यालय पर एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत गिरोह ने का पर्दाफाश करते हुए बताया कि रजपुरा पुलिस के थाना प्रभारी संदीप चौधरी रविवार को गवां-अनूपशहर मार्ग पर बिजली घर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक लेकर जा रहे दो युवकों को संदिग्ध देखकर रोक लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बाइक को झाड़ियों में छिपाने जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद की और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई। दोनों ने अपने नाम धनारी के शेरपुर निवासी प्रमोद और बगडेर के घेर निवासी अमित बताया।
आरोपितों ने बताया कि दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में ब्लिंकिट, रैपिडो और अमेजन में डिलीवरी का काम करते हैं। इसी दौरान बैंक चोरी कर जिले में लाते थे। इनके साथ धनारी के बायभूड़ निवासी भुवनेश शर्मा और पृथ्वीराज उर्फ पीके भी डिलीवरी का काम करते हैं और चोरी की वारदातों में शामिल बताए गए हैं।
चोरी की बाइकें सस्ते दामों में बेच देते थे
चोरी की बाइक गवां और आसपास के क्षेत्रों में सस्ते दामों पर बेची जाती थीं। कुछ बाइक धनारी के भिरावटी निवासी नीरज मिस्त्री को दी जाती थीं। नीरज की दुकान पर बाइक काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग बेच दिए जाते थे। पुलिस ने नीरज को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि भुवनेश शर्मा और पृथ्वीराज उर्फ पीके की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने 12 बाइक के अलावा तीन इंजन, दो साइलेंसर, दो हैंडल, दो रिम, दो बैटरी, दो सीट, पांच शाकर राड, दो नंबर प्लेट और एक ग्राइंडर मशीन भी मिली है।
दिल्ली-एनसीआर से चोरी कर जिले में खपाते थे बाइक
बरामद वाहनों में दिल्ली, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ के पंजीकरण से जुड़े वाहन शामिल हैं। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि अमित और प्रमोद आसपास के गांवों के निवासी है, दिल्ली में जनका संपर्क इस कार्य के लिए हुआ, जिन्हें मिलाने में भुवनेश की भूमिका रही है। दोनों ने इंटर पास किया है, दोनों सामान्य किसान परिवार से आते हैं। नीरज को आर्थिक स्थिति भी बेहतर नहीं है, दुकान से परिवार चलाता है। किसी के विरुद्ध पहले से कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।