सहारनपुर के लिए राहत भरी खबर: बाजार में उतरा नई चीनी का स्टॉक, जल्द मिलेगी महंगाई से मुक्ति
जनपद की बिडवी और शेरमऊ चीनी मिलों ने नया स्टॉक बाजार में उतारा है, जिससे चीनी के दाम जल्द घटने ...और पढ़ें

HighLights
बिडवी और शेरमऊ चीनी मिलों ने नया स्टॉक बाजार में उतारा।
स्थानीय मिलों से चीनी आने पर दाम घटने की उम्मीद।
पहले बढ़ी चीनी की कीमतें अब सामान्य होने लगेंगी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। चीनी मिलों में पेराई शुरू होने के बाद अब जल्द ही चीनी के दाम नीचे आने की उम्मीद जगी है। जनपद में शेरमऊ चीनी मिल और बिडवी चीनी मिल ने नया स्टाक बाजार में बेचना शुरू कर दिया है। हालांकि दोनों मिलों ने 5800 से 5950 रुपये प्रति क्विंटल रेट निकाले हैं, जिससे थोक में चीनी के रेट 6100 रुपये से ऊपर बने हुए हैं। फुटकर में चीनी 63 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है।
जनपद की आठ चीनी मिलें हैं। इनमें से पिछले पेराई सत्र में टोडरपुर चीनी मिल में संचालन नहीं हो पाया था। रकबा घटने से गन्ना उत्पादन में भी कमी आई थी। इन सबके कारण पिछले पेराई सत्र में चीनी उत्पादन पिछले पांच साल में सबसे कम रह गया था।
इसके चलते मिलों में स्टाक कम रहने और जमाखोरी की सुगबुगाहट के बीच अगस्त माह में फुटकर में चीनी के रेट 45 रुपये प्रति किलो से उछलकर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे। प्रशासन की टीमों की छापेमारी के बाद सितंबर में रेट 50-52 रुपये प्रति किलो तक आ गए थे, लेकिन अक्टूबर में स्थानीय मिलों से बाजार में चीनी आपूर्ति नहीं मिलने की वजह से थोक और फुटकर बाजार में चीनी के दाम फिर से बढ़ गए थे।
सरकार ने चीनी मिलों के जल्द संचालन के निर्देश दिए थे। मगर बरसात ने पेराई सत्र पीछे सरकार दिया। जनपद में अब छह चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है, जबकि इस बार गागलहेड़ी मिल के संचालन के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। शेरमऊ चीनी मिल और बिडवी चीनी मिल ने नई चीनी का स्टाक बाजार में बिक्री के लिए उतार दिया है।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर में शादी की रस्में पूरी करा रहे पंडित और दूल्हे से मारपीट, चार पर कार्रवाई
मोरगंज बाजार में थोक चीनी कारोबारी सचिन सिंघल ने बताया कि शेरमऊ चीनी मिल ने 5950 रुपये प्रति क्विंटल जबकि बिडवी चीनी मिल ने 5800 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से चीनी बिक्री शुरू की है। बाहर से चीनी मंगाने में 100 से 150 रुपये का खर्च आ रहा था। उन्होंने बताया कि अभी थोक बाजार में चीनी 6100 रुपये के करीब बिक रही है, लेकिन जल्द ही जनपद की अन्य मिलों की चीनी बाजार में आने के बाद इसके दाम नीचे आने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।