युवती को बार-बार डस रहा सांपों का जोड़ा, 16 दिन में चार बार काटा; चर्चा का विषय बनी सहारनपुर की अनोखी घटना
सहारनपुर के देवबंद में एक युवती को सांपों का जोड़ा बार-बार डस रहा है, जिससे परिवार दहशत में है।

अपनी मां के साथ बैठी वंशिका। जागरण
HighLights
सहारनपुर में युवती को सांपों ने 16 दिन में चार बार डसा।
एक सांप मारने पर पिता को भी दूसरे सांप ने डसा।
वन विभाग से सांप पकड़ने, परिवार को राहत दिलाने की मांग।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र के गांव साखन खुर्द में एक दलित परिवार की युवती को बार-बार सांप के डसने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार का दावा है कि घर में रहने वाले सांपों का जोड़ा पिछले करीब दो सप्ताह में युवती को चार बार डस चुका है।
हैरानी की बात यह है कि हर बार सांप के डसने की घटना के बीच कुछ दिनों का अंतर रहा। मंगलवार शाम भी सांप ने युवती के पिता को डस लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। घटना से परिवार दहशत में है।
यह है पूरा मामला
गांव साखन खुर्द निवासी सोनू अपने परिवार के साथ पक्के मकान में रहता है। परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैं। उसकी 18 वर्षीय बेटी अंशिका आदर्श इंटर कालेज में कक्षा 11 की छात्रा है। इसके अलावा परिवार में 16 वर्षीय समीक्षा, नौ वर्षीय यश और छह वर्षीय सृष्टि हैं।
स्वजन के मुताबिक उनके मकान में भूसा रखने के लिए एक कमरा बना हुआ है। इसी कमरे में सांपों के दो जोड़े काफी समय से रहते हैं। बताया गया कि एक दिन अंशिका अनजाने में भूसे वाले कमरे में पहुंच गई और वहां मौजूद सांपों के जोड़े से छेड़छाड़ हो गई। इसके बाद सांप ने उसे डस लिया।
परिवार का दावा है कि पहली बार 29 अक्टूबर को अंशिका को सांप ने काटा था। इसके बाद छह नवंबर, नौ नवंबर और 14 नवंबर को भी उसे सांप ने डस लिया। लगातार हो रही घटनाओं से परेशान होकर मंगलवार शाम अंशिका के पिता सोनू ने एक सांप को मार दिया।
आरोप है कि इसके बाद दूसरे सांप ने सोनू के माथे पर डस लिया। आनन-फानन में उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार कराया गया। गांव में कुछ लोग घर में मौजूद सांपों को नाग-नागिन के दो जोड़े बता रहे हैं।
स्वजन का कहना है कि बार-बार सांप निकलने और हमले की घटनाओं से बच्चों समेत पूरा परिवार भयभीत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित पकड़वाने और परिवार को राहत दिलाने की मांग की है।
देवबंद में टीम को भेजकर जांच करवाई जा रही है। जो अन्य सांप लड़की के स्वजन बता रहे हैं उनको रेस्क्यू कराया जाएगा।
-चांदनी सिंह, डीएफओ सहारनपुर।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर के लाल का एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, गोल्ड जीतकर बढ़ाया देश का मान
यह भी पढ़ें- UP के बहराइच जिले में दिखा दुर्लभ रेड कोरल कुकरी सांप, वन्यजीव प्रेमियों में खुशी का माहौल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।