विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर के लाल का एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, गोल्ड जीतकर बढ़ाया देश का मान

Published: Mon, 16 Nov 2026 09:09 AM (IST)

अनिरुद्ध सिंह ने इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित 14वीं एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है।

अनिरुद्ध ने एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड।

अनिरुद्ध ने एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड।

HighLights

  1. अनिरुद्ध सिंह ने जकार्ता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।

  2. नानौता, सहारनपुर के अनिरुद्ध की सफलता पर परिवार और क्षेत्र में खुशी।

  3. खेल के साथ शिक्षा में भी अनिरुद्ध सिंह बेहद प्रतिभावान हैं।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित 14वीं एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ी अनिरुद्ध सिंह ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस बेहद कड़े मुकाबले वाली प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अनिरुद्ध ने देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल देश का गौरव बढ़ा है, बल्कि उनके गृह क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।

अनिरुद्ध सिंह मूल रूप से नानौता की देवबंद रोड स्थित मिल कालोनी के रहने वाले हैं। जैसे ही उनकी इस स्वर्णिम सफलता की खबर क्षेत्र में पहुंची, वैसे ही स्वजन, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके घर पर बधाई देने के लिए स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों का तांता लगा हुआ है।

सभी लोग अनिरुद्ध के उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं। अनिरुद्ध के पिता अजय सिंह सैनी ने बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता पर बेहद खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह मुकाम सभी बड़ों के आशीर्वाद, गुरुओं के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों की दुआओं की बदौलत हासिल हुआ है।

उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का तिरंगा लहराने के बाद अनिरुद्ध आगामी 20 नवंबर को स्वदेश (भारत) वापस लौटेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वर्ण पदक विजेता अनिरुद्ध सिंह खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहद प्रतिभावान हैं।

उनके पिता अजय सैनी ने उनकी शैक्षणिक यात्रा के बारे में बताया कि अनिरुद्ध कि प्रारंभिक शिक्षा नानौता नगर के रेडियंट पब्लिक स्कूल से नर्सरी से लेकर इंटरमीडिएट (12वीं) तक की पढ़ाई पूरी की।

स्नातक (बीपीईएस): पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से फिजिकल एजुकेशन में स्नातक किया। बीपीएएड वीर बहादुर सिंह विश्वविद्यालय, जौनपुर से,स्पोर्ट्स कोचिंग डिप्लोमा एनएसएनआईएस पटियाला से कोचिंग का कोर्स किया। जबकि वर्तमान में वह जालंधर की डीएवी यूनिवर्सिटी से एमपीईएड (मास्टर आफ फिजिकल एजुकेशन) के अंतिम वर्ष के छात्र हैं।

रेडियंट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अनुज कुमार सैनी का कहना है कि अनिरुद्ध शुरू से ही कड़ी मेहनत करने वाला और लगनशील छात्र रहा।

अनिरुद्ध की इस अंतरराष्ट्रीय कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि छोटे कस्बों की प्रतिभाएं यदि सही दिशा और कड़ी मेहनत से आगे बढ़ें, तो वैश्विक पटल पर देश का नाम चमका सकती हैं।

यह भी पढ़ें- लखीसराय की बेटी कशिश ने यूपी में गाड़ा सफलता का झंडा, चारों सेमेस्टर में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।