विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय की बेटी कशिश ने यूपी में गाड़ा सफलता का झंडा, चारों सेमेस्टर में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:40 PM (IST)

लखीसराय की कशिश कुमारी ने प्रो. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय, प्रयागराज से एमएससी एग्रीकल्चर (मृदा विज्ञान) में चारों सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है।

लखीसराय की कशिश कुमारी। (फाइल फोटो)

लखीसराय की कशिश कुमारी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कशिश कुमारी ने एमएससी एग्रीकल्चर में स्वर्ण पदक जीता।

  2. प्रयागराज विश्वविद्यालय में चारों सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कशिश को सम्मानित किया।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। शैक्षणिक उत्कृष्टता, निरंतर परिश्रम और मजबूत संकल्प के दम पर शहर स्थित आदर्श नगर, नया बाजार की कशिश कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर लखीसराय का मान बढ़ाया है।

प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, प्रयागराज के कृषि संकाय के मृदा विज्ञान विभाग से एमएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई के दौरान कशिश ने चारों सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें यह पदक देकर सम्मानित किया।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में हासिल इस उपलब्धि के पीछे कशिश की वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के प्रति निरंतर समर्पण रहा है। उनकी प्रतिभा का परिचय स्कूली शिक्षा के दौरान ही मिलने लगा था।

उन्होंने दसवीं की पढ़ाई डीएवी, लखीसराय से तथा बारहवीं की शिक्षा विद्या भवन बालिका विद्यापीठ, लखीसराय से पूरी की। वर्ष 2019 में बारहवीं की परीक्षा में वह जिले के शीर्ष 10 विद्यार्थियों में शामिल रही थीं।

स्वर्ण पदक से नवाजा गया

इसके बाद उन्होंने प्रयागराज स्थित शुआट्स विश्वविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई पूरी की। यहां भी उन्होंने विश्वविद्यालय में चौथा स्थान हासिल किया। आगे की पढ़ाई में उन्होंने अपनी उपलब्धियों का सिलसिला जारी रखा और प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय से एमएससी एग्रीकल्चर (मृदा विज्ञान) में चारों सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें विश्वविद्यालय के सर्वोच्च शैक्षणिक सम्मानों में शामिल स्वर्ण पदक से नवाजा गया। कशिश कुमारी आयकर एवं बिक्री कर अधिवक्ता ओमप्रकाश अम्बष्ठ की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ लखीसराय के शैक्षणिक जगत में भी हर्ष का माहौल है।

कशिश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उन्हें निरंतर बेहतर करने की प्रेरणा देता रहा। उनकी इस सफलता पर परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह भी पढ़ें- UPSC में श्रेया झा को 357वीं रैंक, भागलपुर की बेटी की सफलता से झंझारपुर में भी खुशी की लहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।