विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहालग में फूलों के बाजार में रौनक, गुलाब और गेंदा के दाम बढ़े; सहारनपुर में खूब हो रही खपत

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:20 PM (IST)

सहालग के चलते सहारनपुर में फूलों का बाजार गुलजार है, जहां शादी समारोहों में सजावट के लिए गुलाब और गेंदा की मांग बढ़ी है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।


जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सहालग के सीजन में फूलों का बाजार भी गुलजार हो गया है। शादी समारोहों में सजावट से लेकर जयमाला, सेहरा और दूल्हे की गाड़ी सजाने तक फूलों की मांग में तेजी आई है। मांग बढ़ने का असर अब फूलों की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। खासकर गुलाब और गेंदा के दामों में बढ़ोतरी हुई है। फूलों की बढ़ती खपत से कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं और बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है।

शादी-विवाह के आयोजनों में इन दिनों फूलों का इस्तेमाल पहले से अधिक हो रहा है। बड़े विवाह समारोहों और पार्टियों में आकर्षक सजावट के लिए अलग-अलग किस्म के फूलों की मांग की जा रही है। वहीं, जयमाल, सेहरा और दूल्हे के वाहन को सजाने के लिए गुलाब के फूलों की खपत तेजी से बढ़ी है।

इसके अलावा घरों और विवाह मंडपों की सजावट में गेंदा सहित अन्य फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिले में गेंदा, गुलाब समेत कई किस्मों के फूलों की खेती होती है। स्थानीय स्तर पर उत्पादित गुलाब से सामान्य मालाएं तैयार की जाती हैं, लेकिन आकर्षक गुलदस्तों और जयमाला के लिए कारोबारियों को बाहर की मंडियों पर निर्भर रहना पड़ता है।

मांग के अनुरूप फूलों की आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यापारी दिल्ली की गाजीपुर और आजादपुर मंडी से विभिन्न किस्मों के फूल खरीदकर सहारनपुर लाते हैं। यहां फुटकर और थोक में इनकी बिक्री की जाती है।

दिल्ली रोड पर फूलों की दुकान लगाने वाले अमित, संदीप, राजकुमार के मुताबिक सहालग के दौरान फूलों की मांग सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी बढ़ जाती है। इसी के चलते बाजार में फूलों की आवक और बिक्री दोनों में तेजी देखने को मिल रही है। गुलाब और गेंदा की बढ़ती मांग के कारण इनके दाम भी ऊपर चढ़े हैं।

कारोबारियों को उम्मीद है कि सहालग के आगामी दिनों में भी बाजार में रौनक बनी रहेगी। बताया कि गेंदे का फूल 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं गुलाब के फूल की कीमत 180 से 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही है। इसके साथ ही जयमाला की कीमत 500 रुपये से शुरू होकर पांच हजार रुपये तक है। दूल्हे की कार को सजाने के लिए 5100 से दस हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में 69 करोड़ की लागत से बन रहा हाईटेक बस अड्डा, अगले साल से शुरू होगा बसों का संचालन

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में विद्यार्थियों को टैबलेट बांटने आ रहे सीएम योगी, छह लाख वर्ग फुट में सज रहा विशाल पंडाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।