सहारनपुर में 69 करोड़ की लागत से बन रहा हाईटेक बस अड्डा, अगले साल से शुरू होगा बसों का संचालन
सहारनपुर में दिल्ली रोड पर ₹69 करोड़ की लागत से बन रहे आधुनिक रोडवेज बस अड्डे से अगले साल बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दिल्ली रोड पर ₹69 करोड़ की लागत से बन रहा बस अड्डा।
अगले साल से शुरू होगा बसों का संचालन, 15% काम पूरा।
यात्रियों को मिलेंगी वातानुकूलित प्रतीक्षालय, फार्मेसी जैसी आधुनिक सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दिल्ली रोड पर निर्माणाधीन आधुनिक रोडवेज बस अड्डे से अगले साल बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। शनिवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे नगर विधायक राजीव गुंबर ने अधिकारियों और ठेकेदार को गुणवत्ता से समझौता न करने तथा तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब दो महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परियोजना का उद्घाटन किया था। विधायक के अनुसार, बस अड्डे का करीब 15 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।
दिल्ली रोड पर कांशीराम कालोनी के पास बन रहे इस बस अड्डे की परियोजना पर करीब 69 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 48 करोड़ रुपये जमीन खरीदने और 21 करोड़ रुपये निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। फिलहाल पिलरों का निर्माण चल रहा है।
यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
यात्रियों के लिए वातानुकूलित और साधारण प्रतीक्षालय, फार्मेसी, रेस्टोरेंट, पार्किंग और क्लाक रूम बनाए जाएंगे। बच्चों के लिए बेबी फीडिंग रूम की सुविधा भी होगी। बस अड्डे से जिलेभर के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। निर्माण के लिए सरकार 10 करोड़ रुपये का बजट जारी कर चुकी है।
अगले साल से शुरू होगा संचालन
परिवहन निगम के आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि निर्माण का करीब 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बरसात के दौरान जलभराव के कारण कुछ समय काम बाधित रहा। उन्होंने कहा कि बस अड्डे का निर्माण अगले वर्ष तय समयसीमा के भीतर पूरा हो जाएगा। प्रदेश सरकार यहां सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।