गोरखपुर में लगेगा 150 करोड़ का फिश फीड प्लांट, सीएम योगी की मौजूदगी में होगा समझौता
गोरखपुर में 150 करोड़ रुपये की लागत से दीपक नेक्सजेन फीड्स द्वारा एक बड़ी मत्स्य आहार इकाई स्थापित होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोरखपुर में 150 करोड़ का मत्स्य आहार प्लांट स्थापित होगा।
दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड करेगा यह बड़ा निवेश।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में होगा समझौता ज्ञापन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। गोरखपुर में 150 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ी मत्स्य आहार (फिश फीड) विनिर्माण इकाई स्थापित होने जा रही है। मत्स्य आहार निर्माता कंपनी दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यह इकाई स्थापित किया जाएगा।
इसके लिए रविवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मत्स्य विभाग द्वारा प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा।
मत्स्य विभाग के अनुसार फरवरी 2025 में लखनऊ में आयोजित मीन महोत्सव में 1020 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए थे। इनमें गोरखपुर में फिश फीड प्लांट की स्थापना का प्रस्ताव भी शामिल था, जिस पर अब काम शुरू होने जा रहा है।
इस इकाई में आधुनिक तकनीक के माध्यम से उच्च प्रोटीन युक्त फ्लोटिंग फिश फीड का निर्माण किया जाएगा। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर भारत व पूर्वी भारत के विभिन्न बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। निर्यात की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।