यूपी कौशल विकास मिशन: जिलों में अटके 22887 मामले, प्रशिक्षण और रोजगार प्रभावित; CDO को अल्टीमेटम
उत्तर प्रदेश में कौशल विकास प्रशिक्षण से जुड़े 22,887 मामले जिलों में लंबित हैं, जिससे युवाओं को मिलने वाले लाभ पर असर पड़ रहा है। प्रमुख सचिव ने सभी सीडीओ को पाठ्य सामग्री, मूल्यांकन और सेवायोजन सहित इन अटके हुए मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कौशल विकास प्रशिक्षण के 22,887 मामले जिलों में अटके हुए हैं।
प्रशिक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री, वर्दी, मूल्यांकन, सेवायोजन में समस्या।
प्रमुख सचिव ने सीडीओ को लंबित प्रकरणों के निस्तारण का निर्देश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। युवाओं को रोजगार के लिए हुनरमंद बनाने की सरकारी कोशिश के बीच कौशल विकास प्रशिक्षण से जुड़े 22,887 मामले जिलों में अटके हुए हैं। कहीं प्रशिक्षार्थियों को पाठ्य सामग्री और वर्दी नहीं मिली है तो कहीं मूल्यांकन, परीक्षा परिणाम और सेवायोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इन लंबित मामलों के कारण प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति के साथ युवाओं को मिलने वाले लाभ पर भी असर पड़ रहा है।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत जिलों में विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनकी गुणवत्ता और प्रगति परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) स्तर पर नियमित अनुश्रवण और निरीक्षण की व्यवस्था है। इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, लेकिन प्रशिक्षण से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने में कई जिले पीछे हैं।
व्यावसायिक शिक्षा कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के प्रमुख सचिव डा. हरिओम ने सभी जिलों के सीडीओ को पत्र भेजकर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- 'सपा ने पेश किया गुमराह करने वाला घोषणा पत्र, इन्हीं ने खत्म की थी पुरानी पेंशन', OP राजभर ने अखिलेश को घेरा
इसमें पाठ्य सामग्री और वर्दी वितरण के साथ प्रशिक्षार्थियों का मूल्यांकन, परीक्षाफल जारी करने व सेवायोजन से जुड़े मामलों को पूरा करने पर जोर दिया गया है।