विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सपा ने पेश किया गुमराह करने वाला घोषणा पत्र, इन्हीं ने खत्म की थी पुरानी पेंशन', OP राजभर ने अखिलेश को घेरा

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:31 PM (IST)

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा के घोषणा पत्र को समाज को गुमराह करने वाला बताया है। उन्होंने अखिलेश यादव पर पुरानी पेंशन योजना समाप्त करने और अपने शासनकाल में गुंडाराज स्वीकार करने का आरोप लगाया।

सुभासपा के अध्यक्ष मंत्री ओम प्रकाश राजभर। जागरण

सुभासपा के अध्यक्ष मंत्री ओम प्रकाश राजभर। जागरण 

HighLights

  1. ओपी राजभर ने सपा घोषणा पत्र को गुमराह करने वाला बताया।

  2. अखिलेश यादव पर पुरानी पेंशन योजना समाप्त करने का आरोप लगाया।

  3. सपा शासनकाल में गुंडाराज व दंगे स्वीकार करने का दावा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को समाज को गुमराह करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र में कानून-व्यवस्था सुधारने का वचन देकर यह स्वीकार किया है कि उनके शासनकाल में प्रदेश में गुंडाराज था और दंगे व बलात्कार होते थे।

शनिवार को गौतमपल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर दूसरे दलों से आए नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद राजभर ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले चुनाव में भी सपा खाली हाथ रहेगी। सरकार बनने की उम्मीद न होने के कारण ही सपा प्रमुख बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।

पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा उठाते हुए राजभर ने कहा कि वर्ष 2005 में सपा के शासनकाल में ही प्रदेश में यह योजना समाप्त की गई थी। यदि पार्टी नेताओं को बाद में अपनी गलती का अहसास हुआ था, तो वर्ष 2012 में सत्ता में लौटने पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल क्यों नहीं किया? उन्होंने सवाल किया कि अब सपा किस आधार पर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा कर रही है।

आरक्षण व्यवस्था से बाहर करने का आया समय

अखिलेश यादव के राजनीतिक सफर पर टिप्पणी करते हुए राजभर ने कहा कि वह एक्सप्रेसवे से फोर लेन पर उतरे और अब सिंगल ट्रैक पर चल रहे हैं। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों के बच्चों को आरक्षण व्यवस्था से बाहर करने का समय आ गया है।

यह भी पढ़ें- हरदोई: समय पर वोटर ID पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पेशल व्यवस्था, 8 दिन में बांटे 15218 कार्ड

कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी के सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ‘लंकेश’ सहित कई नेताओं ने सुभासपा की सदस्यता ली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।