विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: सात महीने बीते, अब तक सात फेरे कराने की तारीख भी तय नहीं कर पाए सहारनपुर के अफसर 

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 18 Nov 2026 05:17 PM (IST)

Saharanpur News: सहारनपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सात महीने बाद भी सामूहिक विवाह समारोह की तारीख तय नहीं हो पाई है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. सहारनपुर में सामूहिक विवाह योजना की रफ्तार सुस्त।

  2. 769 जोड़ों की शादी का लक्ष्य अभी अधूरा।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रफ्तार जिले में सुस्त नजर आ रही है। वित्तीय वर्ष के सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अभी तक सामूहिक विवाह का आयोजन तक नहीं करा पाए हैं।

हैरानी की बात यह है कि जिले में इस वित्तीय वर्ष के लिए 769 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, लेकिन अब तक आयोजन की तारीख भी तय नहीं हो सकी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब सात महीने में आयोजन की रूपरेखा तक तैयार नहीं हो पाई तो शेष समय में लक्ष्य कैसे पूरा होगा।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सरकारी सहायता से कराया जाता है। योजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को आर्थिक संबल देना है, जो अपनी बेटियों की शादी का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं।

इसके लिए शासन की ओर से प्रत्येक वित्तीय वर्ष में जिलों को लक्ष्य आवंटित किया जाता है। जिले को इस बार 769 जोड़ों के विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। इसके बावजूद अभी तक आयोजन की तारीख निर्धारित नहीं की गई है।

वित्तीय वर्ष अप्रैल से शुरू हो चुका है और अब नवंबर के भी 19 दिन बीत चुके हैं। इसके बावजूद सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर विभागीय स्तर पर सुस्ती दिखाई दे रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का चयन, आवेदन की जांच और आयोजन की तैयारियां समय से पूरी होनी चाहिए थीं, लेकिन अब तक विवाह समारोह की तारीख घोषित नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें- आखिर क्यों सरकारी पैसा लेने से कतरा रहे हैं लोग? 'शादी अनुदान योजना' से बागपत के लोगों ने बनाई दूरी; अफसरों की चिंता बढ़ी

इससे पात्र परिवारों को भी इंतजार करना पड़ रहा है। सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवार आवेदन करते हैं। योजना के तहत पात्रता की जांच के बाद चयनित जोड़ों का सामूहिक रूप से विवाह कराया जाता है।

आयोजन में विवाह से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं भी विभाग की ओर से की जाती हैं। ऐसे में जिन परिवारों ने योजना के तहत आवेदन किया है, उनकी निगाहें अब विभागीय कार्यक्रम पर टिकी हैं। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब करीब पांच महीने का समय बचा है।

ऐसे में 769 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य पूरा करना विभाग के लिए चुनौती बन सकता है। यदि समय रहते आयोजन की तिथि निर्धारित कर आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया तेज नहीं की गई तो लक्ष्य अधूरा रह सकता है।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक आयोजन की तारीख तय कर सामूहिक विवाह योजना को गति देते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। दिंसबर के पहले सप्ताह में समारोह का आयोजन करा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Renuka Panwar: हरियाणवी सिंगर रेणुका पंवार ने देश-विदेश में बनाई पहचान, 'माटी की बेटी' को नगर पालिका देगी खास सम्मान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।