कौन हैं मनीषा चटर्जी? जिन्हें मिली DRM अंबाला की जिम्मेदारी; मूल कैडर में हुई है उनकी वापसी
रेलवे बोर्ड ने अंबाला रेल डिविजन के डीआरएम पद पर मनीषा चटर्जी को नियुक्त किया है। वह पूर्व में केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव और उत्तर रेलवे में मुख्य सतर्कता अधिकारी रह चुकी हैं।

मनीषा चटर्जी। सौ. स्वयं
HighLights
वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर थी तैनाती।
विनोद भाटिया के स्थान पर संभाली जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। रेलवे बोर्ड ने अंबाला रेल डिविजन के डीआरएम विनोद भाटिया के स्थान पर केन्द्रीय वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात रहीं मनीषा चटर्जी को नियुक्ति दी है। पूर्व डीआरएम विनोद भाटिया को वेटिंग में रखा गया है।
रेलवे बोर्ड ने नवंबर 2026 में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें अंबाला मंडल के डीआरएम (Divisional Railway Manager) पद पर नियुक्ति दी है। 1999 बैच की आईआरटीएस (Indian Railway Traffic Service) अधिकारी मनीषा चटर्जी वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत रही हैं। उन्हें जनवरी 2026 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया था।
यद्यपि यह नियुक्ति मूल रूप से पांच वर्ष की अवधि के लिए की गई थीं, लेकिन करीब 10-11 महीने के कार्यकाल के बाद रेलवे बोर्ड ने उन्हें वापस अपने मूल कैडर में डीआरएम के पद पर तैनात कर दिया है।
जानकारी के अनुसार वस्त्र मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में उनके पास कृत्रिम रेशे से जुड़े उद्योगों की नीतियां और विकास, स्पेशलिटी फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल्स, राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत रक्षा, स्वास्थ्य और उद्योगों में उपयोग होने वाले आधुनिक वस्त्रों के अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना, वस्त्र उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और भौगोलिक संकेतक जैसे महत्वपूर्ण कार्य रहे।
यह भी पढ़ें- दुनिया की सबसे छोटी 'पुंगनूर' गाय सहारनपुर पहुंची, दूध 1000 रुपये लीटर; कीमत सुनकर रह जाएंगे दंग!
मनीषा चटर्जी ने फाइनेंस कंट्रोल में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। वस्त्र मंत्रालय में जाने से पहले वे उत्तर रेलवे में मुख्य सतर्कता अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा, उन्होंने अपने करियर में दक्षिण रेलवे चेन्नई व मदुरै मंडल, रेलवे बोर्ड और उत्तर रेलवे में सीनियर डीसीएम, डिप्टी सीसीएम और डीओएम जैसे कई अहम पदों पर काम किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।