दुनिया की सबसे छोटी 'पुंगनूर' गाय सहारनपुर पहुंची, दूध 1000 रुपये लीटर; कीमत सुनकर रह जाएंगे दंग!
Saharanpur News: राजेंद्र अटल सहारनपुर में दुनिया की सबसे छोटी पुंगनूर नस्ल की गाय लेकर आए हैं। यह गाय अपनी कद-काठी और शांत स्वभाव के कारण चर्चा में है।

सहारनपुर में पुंगनूर नस्ल की गाय के साथ लोकतंत्र सेनानी राजेंद्र अटल। सौ. स्वयं
HighLights
सहारनपुर में पुंगनूर नस्ल के विस्तार की योजना।
इसकी कद-काठी सामान्य गायों से काफी अलग।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पशु-पक्षियों से प्रेम और उनके पालन का शौक रखने वाले राजेंद्र अटल इन दिनों अपनी अनोखी गाय को लेकर चर्चा में हैं। उनके पशुप्रेम का दायरा पहले से ही काफी बड़ा है।
उनके पास विभिन्न नस्लों की गायों के अलावा खरगोश, कबूतर, रंग-बिरंगी मछलियां, बिल्ली और कुत्ते भी हैं। अब उनके पशु संग्रह में दुनिया की सबसे छोटी गायों में शुमार पुंगनूर नस्ल की गाय भी शामिल हो गई है। अपनी नन्हीं कद-काठी और आकर्षक रूप के चलते यह गाय लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
प्रधानमंत्री से मिली पुंगनूर गाय पालने की प्रेरणा
दिल्ली रोड पर चुन्हैटी के पास निवासरत राजेंद्र अटल बताते हैं कि उन्होंने जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छोटी गायों को दुलारते हुए देखा तो उनके मन में भी इस अनोखी नस्ल की गाय पालने की इच्छा जागी।
काफी प्रयास के बाद वह मध्य प्रदेश से पुंगनूर नस्ल की इस गाय को सहारनपुर लेकर आए। इसकी लंबाई-चौड़ाई और कद-काठी सामान्य गायों से काफी अलग है। राजेंद्र ने बताया कि इसकी ऊंचाई महज सवा दो फीट है।
इस गाय की ये हैं खासियतें
अपनी सुंदर बनावट और चंचल स्वभाव के कारण यह हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। राजेंद्र अनुसार पुंगनूर गाय का स्वभाव बेहद शांत और मिलनसार होता है। यह लोगों के साथ जल्द ही घुल-मिल जाती है। इसे खेलना-कूदना भी काफी पसंद है। यही वजह है कि इसे देखने आने वाले लोग इसके साथ समय बिताना पसंद करते हैं।
आंध्र प्रदेश इस नस्ल का मूल क्षेत्र
आंध्र प्रदेश को इस नस्ल का मूल क्षेत्र माना जाता है। अपनी छोटी कद-काठी के बावजूद यह गाय विशेष पहचान रखती है। इस गाय को लेकर धार्मिक मान्यताएं भी जुड़ी हुई हैं। बताया कि हिंदू धर्म में पुंगनूर गाय को पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि तिरुपति मंदिर में इस नस्ल की गाय के दूध का उपयोग धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता है।
शिवलिंग पर अभिषेक के लिए भी इसके दूध को विशेष महत्व दिया जाता है। राजेंद्र का दावा है कि इस गाय का दूध एक हजार रुपये प्रति लीटर से अधिक कीमत पर बिकता है। वहीं, इसकी कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सहारनपुर में पुंगनूर नस्ल के विस्तार की योजना
बताया कि उनका उद्देश्य केवल इस गाय को पालना ही नहीं, बल्कि सहारनपुर में ही पुंगनूर नस्ल का विस्तार करना है। इसके लिए वह यहां इसकी ब्रीडिंग कराने की योजना बना रहे हैं। उनका मानना है कि यदि स्थानीय स्तर पर इस नस्ल की उपलब्धता बढ़ती है तो पशुपालन में रुचि रखने वाले अन्य लोग भी इसे पाल सकेंगे। इससे सहारनपुर में पशुपालन के क्षेत्र में एक नई पहचान विकसित हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।