50 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेंगे टैबलेट, कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा सहारनपुर प्रशासन
सहारनपुर में 1 दिसंबर को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर के 50 हजार छात्रों को टैबलेट।
सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और सुविधाओं की व्यापक तैयारी।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत एक दिसंबर को रिमाउंट डिपो ग्राउंड में होने वाले टैबलेट वितरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम में सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।
जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने सोमवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में डीएम ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तीन जनपदों से आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बसों के निर्धारित मार्ग, विद्यार्थियों को लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था तथा बसों में पुलिस एवं संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से तय की जाए। कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए 72 ब्लाक बनाए जा रहे हैं।
डीएम ने निर्देश दिए कि संस्थानवार बैठने की व्यवस्था के साथ प्रत्येक ब्लाक तक पहुंचने के लिए स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं। हर तीन से चार ब्लाक के बीच एक चिकित्सक की तैनाती होगी। इसके अलावा पर्याप्त एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।
पेयजल, जलपान, खानपान और मोबाइल टायलेट की व्यवस्था भी पर्याप्त संख्या में कराने को कहा गया। कार्यक्रम में वाहनों की भारी संख्या पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग के लिए सात स्थल चयनित किए गए हैं।
डीएम ने सभी पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और वैकल्पिक प्रवेश मार्ग को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वाहनों के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर स्पष्ट साइनेज लगाने को कहा। विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकास और फूड सेफ्टी को भी प्राथमिकता में रखा गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर एसएसपी के निर्देश
एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि 50 हजार विद्यार्थियों के अलावा अन्य लोगों की भी बड़ी संख्या में सहभागिता संभावित है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बिना अधिकृत पास के किसी को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
अन्य अधिकारियों ने दिए निर्देश
सीडीओ डा. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 50 हजार टैबलेट वितरण के लिए 72 ब्लाक तैयार किए जा रहे हैं। एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहने तथा बिना पूर्व सूचना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि, एडीएम प्रशासन लवी त्रिपाठी, एसपी सिटी व्योम बिंदल, सीएमओ डा. शेर सिंह कक्कड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।