सस्ता हुआ सोना तो गोल्ड लोन बना महंगा बोझ, गिरवी गहनों पर बढ़ा खतरा, क्या कहते हैं यूपी के एक्सपर्ट
सोने की कीमतों में भारी गिरावट से गोल्ड लोन लेने वालों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि गिरवी रखे गहनों का मूल्य 34% तक कम हो गया है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सोने की कीमतों में 34% गिरावट से गोल्ड लोन महंगा हुआ।
गिरवी गहनों का मूल्य घटने से कर्ज चुकाना मुश्किल हुआ।
बैंकों ने जोखिम वाले खातों पर निगरानी बढ़ाई, नीलामी संभव।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट अब उन लोगों की चिंता बढ़ाने लगी है, जिन्होंने महंगे भाव के दौरान अपने गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था। सोना सस्ता होने से गिरवी रखे गहनों की मौजूदा कीमत में करीब 34 प्रतिशत तक कमी आ गई है, जबकि कर्ज की रकम और उस पर लगने वाला ब्याज पहले की तरह बरकरार है।
ऐसे में बैंकों और फाइनेंस कंपनियों के लिए लोन की सुरक्षा का गणित बदल गया है। सबसे अधिक दबाव उन ग्राहकों पर है, जिन्होंने निजी फाइनेंस कंपनियों से 20 से 24 प्रतिशत तक ब्याज पर कर्ज लिया हुआ है।
सोने की कीमत में 34 प्रतिशत गिरावट से कमजोर हुआ लोन का सिक्योरिटी कवर
दरअसल, सोने के भाव करीब 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1.15 लाख रुपये के आसपास पहुंच गए हैं। कीमतों में इस गिरावट का सीधा असर गोल्ड लोन के सिक्योरिटी कवर पर पड़ा है। उदाहरण के तौर पर जब सोने का भाव 1.75 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था, तब 75 प्रतिशत लोन-टू-वैल्यू (एलटीवी) अनुपात के आधार पर करीब 1.31 लाख रुपये तक कर्ज मिल सकता था। अब सोने की कीमत 1.15 लाख रुपये रह जाने पर इसी अनुपात से लोन की पात्रता घटकर लगभग 86 हजार रुपये रह गई है। यानी पुराने कर्ज के मुकाबले गिरवी सोने की कीमत कम होने से जोखिम बढ़ा है।
पिछले एक दशक में बढ़ी है गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या
एसबीआई से सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर अशोक कुमार के अनुसार पिछले करीब एक दशक में बैंकों से गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या में सालाना 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इसकी बड़ी वजह बैंकों के प्रति लोगों का बढ़ता भरोसा है। पहले लोग जरूरत पड़ने पर सुनारों और साहूकारों के यहां गहने गिरवी रखते थे, जहां ब्याज दर और सोने के मूल्यांकन में पारदर्शिता की कमी रहती थी। अब बैंकिंग व्यवस्था के तहत गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या बढ़ी है। हालांकि सोने की कीमतों में गिरावट के बाद बैंकों ने जोखिम वाले खातों पर निगरानी बढ़ा दी है।
पीएनबी बैंक से सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर आशीष राय के मुताबिक जिन खातों में बकाया कर्ज की तुलना में गिरवी सोने की मौजूदा कीमत का अंतर कम हुआ है, उनकी समीक्षा की जा रही है। समय पर किस्त और ब्याज का भुगतान नहीं करने पर ग्राहकों को नोटिस भेजा जा सकता है। इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर बैंक नियमानुसार गिरवी रखे सोने की नीलामी की प्रक्रिया अपना सकते हैं।
एक लाख के कर्ज पर ब्याज में 14,750 रुपये का अंतर
लोन विशेषज्ञ अमितेंद्र सिंह ने बताया कि गोल्ड लोन लेने वालों के सामने ब्याज दरों का अंतर भी बड़ी चुनौती है। सरकारी बैंकों में जहां करीब 8.65 से 10 प्रतिशत सालाना ब्याज लिया जा रहा है, वहीं निजी फाइनेंस कंपनियों में यह दर 24 प्रतिशत तक पहुंच जाती है। एक लाख रुपये के कर्ज पर 9.25 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से सालाना 9,250 रुपये देने होंगे, जबकि 24 प्रतिशत की दर से यही ब्याज 24 हजार रुपये हो जाएगा। दोनों के बीच 14,750 रुपये का अंतर है। लंबी अवधि तक कर्ज बनाए रखने पर यह बोझ और बढ़ सकता है।
गहने छुड़ाने की चिंता, एकमुश्त रकम जुटाना मुश्किल
गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक रामअवतार वर्मा का कहना है कि सोने के भाव अधिक होने के दौरान उन्होंने पारिवारिक जरूरत के लिए गहने गिरवी रखकर कर्ज लिया था। उस समय अच्छी कीमत मिलने से जरूरत के मुताबिक रकम मिल गई थी, लेकिन अब सोने के दाम गिरने और ब्याज के दबाव ने चिंता बढ़ा दी है। वह जल्द से जल्द कर्ज चुकाकर अपने गहने छुड़ाना चाहते हैं, लेकिन एकमुश्त रकम जुटाना आसान नहीं है।
बैंकिंग व्यवस्था पर कोई बड़ा संकट नहीं
बैंकिंग विशेषज्ञ आलोक राणा का मानना है कि सोने की कीमत गिरने का मतलब यह नहीं है कि बैंकिंग व्यवस्था पर कोई बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बैंक कर्ज देते समय सोने की कीमत के अनुपात में ही राशि तय करते हैं। इसके बावजूद पुराने ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे ब्याज और किस्तों का भुगतान समय पर करें, ताकि आर्थिक दबाव के चलते उनके पुश्तैनी और पारिवारिक गहने नीलामी तक पहुंचने की नौबत न आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।