विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर: 2000 करोड़ की नकली करेंसी का झांसा, बिहार के कारोबारियों से 21 लाख की ठगी

Published: Sat, 31 Oct 2026 10:14 AM (IST)

बिहार के दो कारोबारियों से एंटीक वस्तुओं और पुराने नोटों को बदलवाने के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. बिहार के दो कारोबारियों से 21 लाख की ठगी।

  2. एंटीक वस्तुओं और पुराने नोट बदलवाने का दिया झांसा।

  3. सहारनपुर में तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। एंटीक वस्तुओं का कारोबार कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर बिहार के दो कारोबारियों से 21 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली, मिर्जापुर निवासी दो लोगों ने पहले एंटीक वस्तुओं का संग्रह बेचने का लालच दिया और फिर दो हजार रुपये के पुराने नोट बदलवाने के नाम पर मोटी रकम ऐंठ ली। आरोपितों ने अपने पास दो हजार करोड़ रुपये की करेंसी होने का दावा किया था।

आरोपितों ने दोनों कारोबारियों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बिहार के दो कारोबारियों को एंटीक वस्तुओं में मोटा मुनाफा कमाने का दिया था लालच

बिहार के बक्सर जिले के दुबोली गांव निवासी कृष्णाकांत दुबे खेतीबाड़ी के साथ एंटीक वस्तुओं की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। उनके मुताबिक, बनारस निवासी परिचित गुड्डू के माध्यम से उनकी मुलाकात सहारनपुर के मिर्जापुर निवासी शाहनवाज से हुई थी। शाहनवाज ने एंटीक वस्तुओं का संग्रह होने और उन्हें अच्छे दामों पर बेचने का प्रस्ताव दिया। इसी सिलसिले में कृष्णाकांत दो-तीन बार सहारनपुर आए, लेकिन उन्हें कोई सामान नहीं दिया गया। इसके बाद वह अपने मित्र मनुरंजन कुमार सिन्हा के साथ सहारनपुर पहुंचे।

विरोध करने पर होटल में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

आरोप है कि यहां शाहनवाज ने एंटीक कारोबार के साथ ही एक दूसरे काम में मोटा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा। कुछ दिन बाद अनिल कुमार पांडेय के माध्यम से उन्हें एक वीडियो भेजा गया, जिसमें बक्सों में दो-दो हजार रुपये के नोटों की गड्डियां दिखाई गई थीं। शाहनवाज ने फोन पर दावा किया कि उसके पास दो हजार रुपये के दो हजार करोड़ रुपये हैं। इन्हें बदलवाने की व्यवस्था करने पर एंटीक वस्तुओं में भी अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।

पीड़ित ने बताई आरोपितों की चाल

पीड़ित के अनुसार, सहारनपुर के होटल सूर्या लोक में शाहनवाज, दिल्ली निवासी विशाल त्यागी और एक अन्य व्यक्ति ने नोटों की गड्डियां दिखाईं। आरोपितों ने करेंसी मंगाने और लोड कराकर भेजने के नाम पर 15 से 16 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। इसके बाद तीन बार पांच-पांच लाख और एक बार छह लाख रुपये नकद लिए गए। बाद में 500, 200 और 100 रुपये के नोट भी भारी मात्रा में होने का दावा किया गया।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सदर बाजार थाना पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान 'अर्णब' का असर: लखनऊ सहित 20 जिलों में आज बारिश की चेतावनी, उरई सबसे ठंडा शहर

यह भी पढ़ें- नेपाल से नकली नोटों का कारोबार, बिहार के 2 तस्करों पर NIA का शिकंजा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।