चंद्रशेखर आजाद ने कमल वालिया को बनाया आसपा प्रत्याशी, रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से लड़ेंगे 2027 का चुनाव
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

चंद्रशेखर आजाद और कमल वालिया। फाइल फोटो
HighLights
आसपा ने कमल वालिया को रामपुर मनिहारान से प्रत्याशी बनाया।
कमल वालिया चंद्रशेखर आजाद के करीबी और संघर्ष के साथी।
उन्होंने पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। आगामी विधानसभा चुनाव व ओवैसी की पार्टी से गठबंधन के बाद भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने प्रत्याशियों की घोषणा करना आरंभ कर दिया है। पार्टी द्वारा सबसे पहले रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि कमल वालिया चंद्रशेखर के संघर्ष के साथी रहे हैं।
मल्हीपुर रोड स्थित गांव रामनगर निवासी बीर सिंह के पुत्र कमल वालिया ने 1999 में आईटीसी फैक्ट्री में नियु्क्ति पाई थी और काफी समय तक कार्यरत रहे। 2017 में शब्बीरपुर कांड के बाद हुए जातीय संघर्ष में कमल का नाम आने पर आईटीसी कंपनी द्वारा कमल वालिया को निकाल दिया था तथा इस मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
वैसे कमल सिंह वालिया शुरुआती दौर में बहुजन समाज पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। वर्ष 2015 में भीम आर्मी का विस्तार हुआ तो उन्हें भीम आर्मी का प्रथम जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। कमल पार्टी के गठन से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ रहे और विनय रतन सिंह के साथ संघर्ष में शामिल रहे।
इसके चलते कमल को 2017 व 2020 में जेल जाना पड़ा था। यही नहीं शब्बीरपुर कांड के बाद पुलिस ने चंद्रशेखर और कमल वालिया पर 25 हजार रुपये इनाम भी घोषित किया था। वहीं नौ मई 2018 को महाराणा प्रताप जयंती पर रामनगर में हिसंक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से उनके छोटे भाई सचिन वालिया की मौत हो गई थी।
कमल वालिया का राजनैतिक सफर
कमल सिंह वालिया लंबे समय से भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ साथ बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में जाकर संगठन को मजबूत करने और बहुजन समाज को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई। कमल ने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और वंचित समाज के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई तथा प्रशासनिक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन व आंदोलन का नेतृत्व किया है।
समाज से जुड़े मुद्दों जैसे रामपुर मनिहारान के ग्राम जमापुर में डाॅ. आंबेडकर की प्रतिमा से जुड़े विवाद में उन्होंने प्रशासन से मिलकर शांतिपूर्ण और संवैधानिक समाधान की मांग की। वे भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं और संगठन के शुरुआती व संघर्षपूर्ण दिनों से ही इसके मुख्य नेतृत्व का हिस्सा रहे हैं।
रामपुर मनिहारान सीट पर राजनीतिक समीकरण
अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के देवेंद्र निम विधायक हैं। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में विजेता देवेंद्र निम को 89109 वोट मिले थे, जबकि बसपा के प्रत्याशी रविंद्र कुमार 68516 वोटों के साथ दूसरे और सपा-रालोद गठबंधन की ओर से रालाेद प्रत्याशी विवेक कांत 64864 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। आजाद समाज पार्टी ने इस चुनाव में बृजपाल सिंह को प्रत्याशी बनाया था, जिन्हें 4606 वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी ओमपाल सिंह को मात्र 1544 वोट मिले थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।