एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतकर लौटे अनिरुद्ध सैनी, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत
नानौता निवासी अनिरुद्ध सिंह सैनी ने जकार्ता में आयोजित 14वीं एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

स्वर्ण पदक जीतकर नानौता पहुंचने पर अनिरुद्ध सैनी का स्वागत करते क्षेत्रवासी। जागरण
HighLights
अनिरुद्ध सैनी ने जकार्ता एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
63 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
नानौता लौटने पर स्थानीय लोगों और परिवार ने भव्य स्वागत किया।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित 14वीं एशियाई ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नानौता निवासी अनिरुद्ध सिंह सैनी ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। रविवार रात उनके नानौता पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से स्वागत किया।
संजय चौक पर जुटे लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। खेल प्रेमी उन्हें कंधे पर बैठाकर घर तक ले गए, जहां परिवार ने आरती उतारकर और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
अनिरुद्ध ने बताया कि चैंपियनशिप 11 नवंबर से 15 नवंबर तक चली और इसमें एशिया के कई देशों के शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच सचिन राणा और परिवार के सहयोग को दिया।
युवाओं से उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से सफलता मिलती है। सभासद प्रेमपाल शर्मा, तेजपाल, मुस्तकीम लाल्ला मलिक, अनुज कुमार शर्मा, महावीर सिंह, सुरेश कुमार, राजकुमार अग्रवाल, गुलशन चौधरी और आशू कचराई सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी।