Rampur News: दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर महिला की हत्या, पति सहित ससुराल पक्ष के पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मिलक में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक महिला की हत्या कर दी। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने का आरो ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मिलक। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने महिला की हत्या कर दी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच व्यक्तियों के खिलाफ दहेज आरोप सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बुधवार की सुबह सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि बरा गजेजा गांव में एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई है। सूचना पर पुलिस गांव निवासी रामाशंकर के मकान पर पहुंची। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। मकान के अंदर महिला का शव जमीन पर रखा हुआ था। उसके शव के समीप महिलाएं और अन्य स्वजन विलाप कर रहे थे।
मृतक महिला के परम गांव निवासी भाई हरीश ने ससुराल वालों पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक महिला के भाई ने पुलिस को दहेज हत्या आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उसने पुलिस को बताया कि 24 वर्षीय बहन सुमन का विवाह 11 जून 2024 को बरा गजेजा निवासी अनिल से किया था।
विवाह के समय उसने अपनी हैसियत के अनुसार भरपूर दान दहेज देकर बहन को ससुराल विदा किया था। लेकिन बहन के ससुराल वाले शादी में मिले दान दहेज से खुश नहीं थे। आए दिन उसकी बहन को दहेज में एक लाख नगद की मांग करते हुए प्रताड़ित किया जाता।
आरोप लगाया कि पति अनिल, ससुर रमाशंकर, सास विद्या, देवर अजय और ननद कनक ने बहन की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसके बहनोई अनिल ने बुधवार की सुबह 5:30 बजे उसे फोन करके उसे बताया कि उन्होंने बहन की हत्या कर दी है। जिसके बाद वह अपने स्वजन के साथ बहन की ससुराल पहुंचा। उसने बहन की हत्या करने वाले पति और ससुराल पक्ष के पांचों व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने उसकी तहरीर लेकर आरोपितों के खिलाफ दहेज हत्या आरोप सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है। मृतक महिला के भाई की तहरीर पर पति सहित पांच व्यक्तियों के खिलाफ दहेज हत्या आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।