रिहाई के बाद आजम खान को ईडी ने किया गिरफ्तार: गाजियाबाद कोर्ट से वारंट लाई थी टीम, 15 मिनट जेल के बाहर रहे सपा नेता
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सात साल पुराने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गाजियाबाद कोर्ट के वारंट पर आजम खान को रामपुर ...और पढ़ें

आजम खान।
HighLights
ईडी ने आजम खान को रामपुर जेल से किया गिरफ्तार।
सात साल पुराने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई कार्रवाई।
गाजियाबाद कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेगी ईडी।
जागरण संवाददाता, रामपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सात साल पुराने एक मामले में गाजियाबाद की अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेकर आई थी। ईडी ने वर्ष 2019 में आजम खान के खिलाफ एक प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की थी, जो धन शोधन निवारण अधिनियम के संबंध में थी। इसी मामले में शनिवार को ईडी की 16 सदस्यीय टीम चार वाहनों से आजम खान को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
पैरामिलिट्री फोर्स के साथ जेल पहुंची थी ईडी
आजम खान की गिरफ्तारी के लिए ईडी शनिवार शाम चार बजे यहां आ गई थी। टीम के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी थे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर पुलिस सुरक्षा भी ली गई। आजम खान को हिरासत में लेने के बाद टीम उन्हें अपने साथ गाजियाबाद ले गई।
जेल के बाहर 15 मिनट रहे आजम
आजम खान और अब्दुल्ला रिहाई के बाद शनिवार शाम 6.57 बजे जेल से बाहर आ गए थे। बाहर उनके स्वागत में सैकड़ों समर्थक थे। बड़े बेटे अदीब भी आए थे। वह अपनों से मिल पाते, इससे पहले ईडी ने आजम खान को अपनी हिरासत में ले लिया। इस दौरान आजम खान ने ईडी की कार्रवाई का विरोध किया और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। समर्थकों ने ईडी के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि ईडी शाम 7.12 बजे उन्हें अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़ें- जेल से रिहाई के बाद अब्दुल्ला आजम का छलका दर्द, बोले- 'अब्दुल्ला' नाम होने की मिल रही सजा
अब्दुल्ला की रिहाई पर छोड़ी आतिशबाजी
जेल से रिहा होने के बाद ईडी आजम खान को अपने साथ ले गई। इस पर अब्दुल्ला अपने बड़े भाई अदीब के साथ घर चले गए। अब्दुल्ला की रिहाई पर समर्थकों ने आतिशबाजी छोड़कर खुशी जताई। समर्थक उनके पीछे-पीछे घर तक आ गए। अब्दुल्ला ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेजा।
यह भी पढ़ें- आजम खान को आज गाजियाबाद कोर्ट में पेश करेगी ईडी, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है मामला
गाजियाबाद की अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी ईडी
ईडी आजम खान को गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश करेगी। साथ ही पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है। ऐसे में अब दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने के बावजूद आजम खान की जेल से बाहर रहने की राह फिर मुश्किल होती नजर आ रही है। वहीं, अब्दुल्ला आजम की रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।