छोटा शहर, बड़ी सोच
भास्कर सिंह रामपुर छोटे से जिले रामपुर के लोग देहदान करके दूसरों के लिए मिसाल बनते जा रहे हैं। ...और पढ़ें

भास्कर सिंह, रामपुर : छोटे से जिले रामपुर के लोग देहदान करके दूसरों के लिए मिसाल बनते जा रहे हैं। यहां के लोगों में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं समाजसेवी सतीश भाटिया। वह लोगों की सोच बदलकर अब तक 17 लोगों से देहदान का संकल्प पत्र भरवा चुके हैं। चार लोगों की मृत्यु के उपरांत देहदान भी करा चुके हैं। 64 साल की उम्र में भी उनके काम करने का जोश युवाओं जैसा है। इसके अलावा वह नेत्रदान के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं और शहर में प्याऊ बनवाने का काम भी करते हैं। अब तक 80 प्याऊ बनवा चुके हैं। उनका मकसद 100 प्याऊ बनाने का है।
खुद देहदान का संकल्प लेकर की शुरुआत
समाजसेवी सतीश भाटिया बताते हैं कि वर्ष 2013 में कानपुर जाना हुआ। वहां दधिचि देहदान नाम की संस्था के पदाधिकारियों से संपर्क हुआ। यह संस्था देहदान के लिए लोगों को प्रेरित करती है और मृत्यु के बाद उनकी देह को मेडिकल कालेज को दान कर दिया जाता है, जो डाक्टरी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के काम आती है। वहां से आने के बाद देहदान के लिए टीएमयू (तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी) के मेडिकल कालेज से संपर्क किया। वहां से मिले संकल्प पत्र (फार्म) लेकर निकल पड़े देहदान के लिए लोगों को प्रेरित करने। उन्होंने बताया कि हिदू धर्म में जन्म से लेकर मृत्यु तक संस्कार होते हैं। ऐसे में लोगों को समझाना मुश्किल होता, तब हमने देहदान की शुरुआत खुद से की। सबसे पहला संकल्प पत्र अपने नाम का भरा। स्वजनों एवं रिश्तेदारों को भी स्पष्ट कर दिया कि मेरी मृत्यु के बाद शव यात्रा निकालना। श्मशान तक ले जाना। पिडदान से लेकर चिता पर रखकर होने वाले सभी संस्कार पूरे करना और बाद में संकल्प पत्र के मुताबिक देह का दान कर देना।
अब तक चार देह हो चुकी दान
वर्ष 2014 में सबसे पहला देहदान जिला अस्पताल के निकट मुहल्ला चादरवाला बाग निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ग्रीश चंद्र श्रीवास्तव का हुआ। वह राजकीय रजा इंटर कालेज से सेवानिवृत्त हुए थे। इनके बाद न्यू आवास विकास कालोनी निवासी जुगल किशोर जैन सेठी, पुरानी आवास विकास कालोनी निवासी शरद गुप्ता और मुहल्ला पीपल टोला की आशा गुप्ता ने मृत्यु के बाद देहदान किया। देहदान का संकल्प लेने वाले दानवीरों की सूची
1. सतीश भाटिया निवासी मुहल्ला पट्टी टोला निकट चौकी हजियानी
2. सरदार सुरेंद्र सिंह निवासी आवास विकास कालोनी
3. ज्ञान प्रकाश गुप्ता निवासी मिस्टन गंज
4. राजेंद्र प्रसाद गुप्ता निवासी कृष्णा विहार कालोनी
5. सोमनाथ भाटिया निवासी किला कैंप
6. सतेंद्र जैन निवासी मुहल्ला साहूकारा निकट जैन मंदिर बिलासपुर
7. हरवंश सिंह तनेजा निवासी मुहल्ला शांति कालोनी बिलासपुर
8. सुनील कुमार अग्रवाल निवासी चूने वाला फाटक मिस्टन गंज
9. सुनीता अरोरा निवासी राधा रोड
10. दिनेश गुप्ता निवासी निकट पुराना रोडवेज
11. अजय कुमार गुप्ता, कुमार साड़ी सदन पीपल टोला।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।