Rampur Rape Case: पेट के ऊपर रखी आंतों से मिलेगी निजात, 22 सितम्बर को दुष्कर्म पीड़िता मूक बधिर बालिका की सर्जरी
रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय मूक बधिर बालिका दुष्कर्म के बाद पीड़ादायक जीवन जी रही है। आरोपी दान सिंह को आजीवन कारावास की सजा मिली है लेकिन बालिका के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं जिससे उसे मल-मूत्र त्यागने में परेशानी हो रही है। उसका मेरठ में इलाज चल रहा है और परिवार को 22 सितंबर को होने वाले ऑपरेशन से राहत की उम्मीद है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। सैफनी थाना क्षेत्र में मंद बुद्धि मूक बधिर 14 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के बाद उसकी जिंदगी नरक जैसी हो गई है। गांव के युवक दान सिंह ने उसके साथ जो दरिंदगी की थी, उसके लिए न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन उसके इस घिनौने कृत्य ने बालिका और उसके परिवार को कभी न भरने वाला दर्द दिया है।
बालिका के प्राइवेट पार्ट में गहरी चोट आने के कारण वह प्राकृतिक तरीके से मल-मूत्र नहीं कर सकती है। इसके लिए डाक्टरों ने पेट चीरकर रास्ता दोनों आंतों को बाहर निकाल दिया है। ये आंतें उसके पेट पर रखी रहती है, जिसे किसी रुमाल या कपड़े से बांधकर लटका रखा है। बच्ची जब मल-मूत्र करती है तो उसका शरीर भी गंदा हो जाता है, जिसे स्वजन को साफ करना पड़ता है।
ऑपरेशन अंदरूनी जख्म भरने के बाद होगा
बालिका के भाई ने बताया कि अंदरूनी जख्म भरने के बाद ही डाक्टर ऑपरेशन करेंगे। इसके लिए समय-समय पर मेरठ के लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में बहन का इलाज चल रहा है। शुक्रवार को फोन पर भाई से बात की गई तो उसने बताया कि वह बहन को लेकर मेरठ गया है। वहां डाक्टरों ने उसका चेकअप किया और 22 सितंबर को ऑपरेशन करने को कहा है। ऑपरेशन सफल होने पर बहन के साथ हम सभी को बहुत राहत मिलेगी।
यह था मामला
सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 अप्रैल की शाम बालिका खेत से लौटते समय लापता हो गई थी। अगले दिन सुबह ग्रामीणों को वह खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। बालिका निर्वस्त्र हालत में थी। उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे। उसके प्राइवेट पार्ट पर भी सिगरेट से जलाने के दाग मिले थे। किसी ने उसके साथ दुष्कर्म के दौरान दरिंदगी की थी।
पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज तलाश शुरू कर दी। सीसी कैमरों की मदद से पुलिस ने बालिका के साथ दरिंदगी करने वाले की पहचान कर ली थी। उसी रात पुलिस ने पीड़ित के गांव के ही रहने वाले युवक दान सिंह को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया था। 11 अगस्त को न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।