मोहम्मद शरीफ की हत्या मैंने की...अब दूसरों की बारी, रामपुर हत्या कांड पर एक्स पोस्ट से पुलिस महकमे में हड़कंप
रामपुर में सीआरपीएफ कैंप आतंकी हमले के बरी आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामपुर। आतंकी हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या को लेकर एक्स पर एक पोस्ट से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है। यह पोस्ट राहुल नाम के युवक द्वारा की गई है, जिसने हत्या की जिम्मेदारी ली है और इसे सात सीआरपीएफ जवानों की बलिदान का बदला बताया है। साथ ही आतंकी हमले में शामिल दूसरे आरोपितों की भी बारी आने की बात लिखी है। पुलिस पोस्ट की जांच कर रही है।
सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमले के मुकदमे में आरोपित मोहम्मद शरीफ की मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने हत्या कर दी थी। हत्या की घटना मंगलवार शाम साढ़े छह बजे खजुरिया थाने से करीब एक किलोमीटर दूर हुई थी।
मृतक खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव के रहने वाला था। उसे साल 2007 में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे और उसके पांच साथियों को इस मामले में सजा हुई थी।
करीब एक साल पहले हाई कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था। तब से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहा था। घटना के समय वह अपने बेटे वाहिद के साथ थाने में हाजिरी लगाकर घर जा रहा था। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।
इसी दौरान बुधवार को राहुल सिंह नाम के युवक ने अपने एक्स एकाउंट पर पोस्ट की, जिसमें जय श्री राम, जय महाकाल, जोहार झारखंड लिखा है। इसके बाद उसने सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले के आरोपित मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात लिखी है।
कहा है कि कोर्ट से तो हमारे युवा भाइयों को इंसाफ नहीं मिला, लेकिन हमने आज इंसाफ कर दिया है। आतंकी हमले में और भी जो लोग शामिल थे, वो भी अपनी तैयारी कर लें। जल्दी उनका भी नंबर आने वाला है।
पोस्ट के बाद राहुल सिंह आजाद सरकार लिखा है। एएसपी अनुराग सिंह का कहना है कि इस तरह की एक पोस्ट शेयर किए जाने की सूचना मिली है। इसे कहां से किसने पोस्ट किया, इसकी जांच कराई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।