Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पति ही निकला कातिल, अवैध संबंधों का विरोध करने पर की थी हत्या

    By JagranEdited By:
    Updated: Tue, 01 Dec 2020 11:42 PM (IST)

    रामपुर पटवाई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले जिस महिला की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या की थी पुलिस ने उस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।

    Hero Image
    पति ही निकला कातिल, अवैध संबंधों का विरोध करने पर की थी हत्या

    रामपुर : पटवाई थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले जिस महिला की घर में सोते समय गोली मारकर हत्या की थी पुलिस ने उस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतका का पति निकला। उसने अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी की हत्या की थी। पुलिस ने तमंचे के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घटना 24 नवंबर की रात की है। पटवाई के ग्राम निस्वा में रहने वाली चम्पा पत्नी प्रेम सिंह घटना की रात घर में दो बच्चों के साथ सो रही थी। रात करीब तीन बजे किसी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। गोली सीने में मारी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। गोली और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए थे। घटना के समय मृतका का पति खेत पर धान झाड़ने गया था। सूचना पर पटवाई थाना प्रभारी अमरीश कुमार फोर्स के साथ गांव पहुंच गए थे। बाद में एसपी शगुन गौतम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया था। एसपी ने पटवाई थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज कर शीघ्र घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे। पटवाई पुलिस ने मृतका के पति की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का शक शुरू से ही पति पर जा रहा था। वह पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका था और इन दिनों जमानत पर छूटकर आया था। पुलिस उस पर नजर रखे थे और उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाने में लगी थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित पति को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित पति ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2016 में उसके साले की हत्या हो गई थी तथा अगले दिन साले की पत्नी की भी हत्या हो गई थी। इस दोहरे हत्याकांड में उसके ससुरालियों के अलावा उसका भी नाम आया था। उसे जेल भी जाना पड़ा था। वह जमानत पर बाहर आ गया। इसमें उसके काफी पैसे खर्च हो गए थे। वह पत्नी पर मायके से पैसे दिलाने का दबाव बनाने लगा। ससुरालियों ने पैसा नहीं दिया। इस बात को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा होने लगा। उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की थी। करीब एक साल पहले मृतक साले की बेटी उनके घर रहने आई थी, जिससे उसके अवैध सबंध हो गए थे। इसका पता जब पत्नी को लगा तो उसने साले की बेटी को वापस भिजवा दिया था। इस बात को लेकर पति-पत्नी में रोज-रोज झगड़े होने लगे। 27 नवंबर को उसके दूसरे साले की बेटी होनी थी, जिसमें जाने के लिए पत्नी जिद करने लगी। इसे लेकर 24 नवंबर को दोनों के बीच फिर झगड़ा होने लगा। झगड़ा ज्यादा बढ़ गया तो उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। रात में जब पत्नी सो रही थी तो उसने गोली मारकर हत्या कर दी और छत के रास्ते कूदकर खेत पर चला गया। वह पत्नी की हत्या में अपने ससुरालियों को फंसाने की फिराक में था। लेकिन, उससे पहले ही वह पकड़ा गया। उसने तमंचा खेत में ही धान की पुआल में छिपा दिया था, जिसे बरामद कर लिया है। पत्नी की हत्या में ससुरालियों को फंसाना चाहता था आरोपित

    पटवाई पुलिस ने पत्नी की हत्या में आरोपित पति प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पटवाई थाना प्रभारी अमरीश कुमार ने बताया कि आरोपित पत्नी की हत्या में अपने ससुरालियों को फंसाना चाहता था। उसके साले और सलेज की चार साल पहले हत्या हो गई थी। इस हत्या में सलेज के मायके वालों ने साले के स्वजनों के खिलाफ मुकदमा कराया था। इसमें प्रेम सिंह को भी नामजद किया था। उसे जेल जाना पड़ा था। जमानत और मुकदमे की पैरवी में खर्च हुए रुपये वह ससुरालियों से लेना चाहता था। इसके लिए पत्नी पर दबाव बना रहा था। कई बार पत्नी को मायके भी भेजा, लेकिन ससुराली बिना रुपये दिए ही पत्नी को वापस भेज देते थे। इसी के चलते उसने पुलिस की पूछताछ में ससुरालियों पर हत्या का शक जताना शुरू कर दिया था। लेकिन, उसकी कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। बेसहारा हो गए बच्चे

    पति-पत्नी के बीच विवाद ने पूरा घर तबाह कर दिया। मृतका चम्पा के दो बेटे हैं। इनमें चार साल का वंश और एक साल का विशाल है। उनके पिता ने ही मासूमों से मां का आंचल छीन लिया। पुलिस ने पत्नी की हत्या में पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मां की हत्या के बाद से ही दोनों को उनकी नानी मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के ग्राम धतूरा की मिलक निवासी हरदेई अपने साथ ले गई थी।