विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजम खान उगलेंगे राज! रामपुर जेल पहुंची ED की टीम, जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ

By Anil AwasthiEdited By: Abhishek Saxena
Published: Tue, 13 Oct 2026 10:05 AM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2026 11:34 AM (IST)

लखनऊ से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सपा नेता आजम खान से पूछताछ के लिए मंगलवार सुबह रामपुर जिला कारागार ...और पढ़ें

जिला जेल के बाहर खड़ी गाड़ी।

जिला जेल के बाहर खड़ी गाड़ी।

HighLights

  1. लखनऊ से ईडी टीम रामपुर जिला कारागार पहुंची।

  2. सपा नेता आजम खान से पूछताछ की जाएगी।

  3. तीन अधिकारी इनोवा गाड़ी से जेल के अंदर गए।

जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा के दिग्गज नेता आजम खान से पूछताछ के लिए लखनऊ से ईडी की टीम आज यानि मंगलवार सुबह रामपुर जिला कारागार पहुंची है। ईडी की टीम की गाड़ी जिला जेल पहुंचीं और वहां से तीन अधिकारी जेल के अंदर गए हैं।

ईडी जौहर ट्रस्ट और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत संबंधित कंपनियों, बैंक खातों और ट्रस्ट के बीच हुए लेन-देन का ब्योरा जुटा रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोनेशन की रकम कहां से आई और इसे किन माध्यमों से जौहर यूनिवर्सिटी तक पहुंचाया गया। इसके लिए ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ कर उनके बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।

rampur ed car small

सालिम से अब तक दो बार पूछताछ हो चुकी है

इस मामले में आजम खां के करीबी सालिम से अब तक दो बार पूछताछ हो चुकी है। तीसरी बार सालिम को बुलाया गया है। सालिम आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम का कामकाज देखता रहा है। एजेंसी की जांच के दायरे में आजम खान के एक अन्य करीबी अनवर की भूमिका भी है। अनवर से भी 14 अक्टूबर को पूछताछ हो सकती है।

अब तक की जांच में क्या-क्या हुआ

  • 19 अगस्त: ईडी ने रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में जौहर ट्रस्ट, जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खान से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की। विश्वविद्यालय के निर्माण खर्च, ट्रस्ट को मिले चंदे और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
  • 25 सितंबर: जौहर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. जहीरुद्दीन से करीब आठ घंटे पूछताछ की गई। उनसे ट्रस्ट को मिले चंदे, विश्वविद्यालय के निर्माण खर्च और संबंधित वित्तीय लेन-देन के बारे में सवाल किए गए।
  • 30 सितंबर: आजम खान के करीबी सालिम से पहली बार पूछताछ की गई। ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय लेन-देन के संबंध में जानकारी मांगी गई।
  • पांच अक्टूबर: आजम खान के चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक गोयल से पूछताछ की गई। ट्रस्ट के खातों और विश्वविद्यालय के निर्माण पर खर्च की गई रकम से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल हुई।
  • छह अक्टूबर: सपा विधायक नसीर अहमद खान से करीब सात घंटे पूछताछ की गई। उनसे जौहर ट्रस्ट में उनकी भूमिका, डोनेशन और विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों के बारे में सवाल किए गए।
  • आठ अक्टूबर: सालिम से दूसरी बार करीब आठ घंटे पूछताछ हुई। एजेंसी उसके बयानों और एस एंड ए फर्म से जुड़े दस्तावेजों में सामने आए तथ्यों का मिलान कर रही है।

यह भी पढ़ें- कासगंज रेप केस हाई कोर्ट का आदेश: पूर्व इंस्पेक्टर प्रवेश राणा की भूमिका की जांच करें, एसपी ओपी सिंह को दिए ऑर्डर