विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौहर ट्रस्ट: आजम खान के करीबी सालिम से आज ED फिर करेगी पूछताछ, कई अन्य पदाधिकारियों को भी समन

Published: Thu, 08 Oct 2026 07:51 AM (IST)

ईडी जौहर यूनिवर्सिटी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट में गड़बड़ी की जांच कर रही है। आजम खां के करीबी सालिम को आज फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

सपा नेता आजम खान। (तस्वीर- फाइल)

सपा नेता आजम खान। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. ईडी जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट में गड़बड़ी की जांच कर रही है।

  2. आजम खान के करीबी सालिम आज फिर ईडी के सामने पेश।

  3. ट्रस्ट के दो पदाधिकारी बुधवार को ईडी के समक्ष नहीं आए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जौहर यूनिवर्सिटी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट में गड़बड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच चल रही है। ट्रस्ट के पदाधिकारी और निर्माण कार्यों से जुड़े कुछ ठेकेदार जांच एजेंसी के समक्ष आने से बच रहे हैं।

बुधवार को पूछताछ के लिए तलब किए गए ट्रस्ट के दो पदाधिकारी ईडी के सामने पेश नहीं हुए। वहीं, आजम खान का करीबी सालिम गुरुवार को लखनऊ स्थित ईडी के जोनल कार्यालय में पूछताछ के लिए दोबारा पेश होगा।

आज सालिम से फिर होगी पूछताछ

ईडी ने गुरुवार को भी ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों को पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच एजेंसी उनसे ट्रस्ट की गतिविधियों, चंदे की रकम और यूनिवर्सिटी में कराए गए निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेजों और लेनदेन के बारे में जानकारी ले सकती है। बुधवार को पेश न होने वाले दोनों पदाधिकारियों को लेकर भी ईडी आगे की कार्रवाई कर सकता है।

इस मामले में ईडी ने मंगलवार को सपा विधायक नसीर अहमद खान से भी सात घंटे पूछताछ की थी। उनसे ट्रस्ट में उनकी भूमिका, चंदे और यूनिवर्सिटी से जुड़े निर्माण कार्यों के संबंध में सवाल किए गए थे।

इससे पहले आजम खान के करीबी सीए और एक ठेकेदार से भी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सीए दीपक गोयल को कुछ दस्तावेजों के साथ दोबारा भी तलब किया गया है।

यह भी पढ़ें- जौहर ट्रस्ट मामले में बढ़ा ईडी का शिकंजा, सपा विधायक नसीर अहमद खान से 7 घंटे तक पूछताछ