विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौहर ट्रस्ट मामले में बढ़ा ईडी का शिकंजा, सपा विधायक नसीर अहमद खां से 7 घंटे तक पूछताछ

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:47 AM (IST)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में सपा विधायक नसीर अहमद खां से करीब सात घंटे तक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. ईडी ने सपा विधायक नसीर अहमद खां से सात घंटे तक पूछताछ की।

  2. जौहर ट्रस्ट के महत्वपूर्ण निर्णयों और शत्रु संपत्ति पर सवाल किए गए।

  3. नसीर अहमद खां को दोबारा पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व मंत्री आजम खां और उनके परिवार के जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच अब ट्रस्ट से जुड़े करीबी राजनेताओं तक पहुंच गई है। ईडी ने मंगलवार को रामपुर की चमरौवा विधान सभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक नसीर अहमद खां से करीब सात घंटे तक पूछताछ की। नसीर जौहर ट्रस्ट के संयुक्त सचिव रह चुके हैं। इसी भूमिका को लेकर ईडी ने उन्हें समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने ट्रस्ट के महत्वपूर्ण निर्णयों में नसीर की भूमिका, ट्रस्ट के लिए दान जुटाने और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े मामलों को लेकर सवाल किए। शत्रु संपत्ति से जुड़े प्रकरण में भी उनकी भूमिका को लेकर जानकारी ली गई। ईडी को आशंका है कि ट्रस्ट के कई महत्वपूर्ण निर्णयों में नसीर की भूमिका रही हो सकती है। हालांकि, पूछताछ में नसीर ने ट्रस्ट के कामकाज में अपनी सक्रिय भूमिका से इनकार किया।

कई सवालों के जवाब भी उन्होंने देने से परहेज किया। ईडी ने नसीर को ट्रस्ट के संयुक्त सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति और भूमिका से संबंधित दस्तावेजों के साथ दोबारा पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है। इससे संकेत हैं कि एजेंसी इस मामले में उनकी भूमिका की और पड़ताल कर सकती है।

नसीर अहमद पहले से ही आयकर विभाग की जांच के दायरे में रहे हैं। जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामलों की जांच के दौरान आयकर विभाग ने उनके ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। इसके अलावा आजम खां के साथ शत्रु संपत्ति हड़पने के मामले में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इस प्रकरण में अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें अदालत में सरेंडर करना पड़ा था।

पुलिस ने आजम खां, उनकी पत्नी तजीन फात्मा, दोनों बेटों अदीब और अब्दुल्ला आजम, बहन निखत अखलाक और नसीर अहमद समेत सात आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। जौहर ट्रस्ट की जांच में ईडी अब ट्रस्टी शहरयार खां से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- यूपी में बिछेगा सड़कों का नया जाल, विंध्य-पूर्वांचल और मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे से बदलेगी सूरत