आजम खान से जेल में 8 घंटे पूछताछ: जौहर यूनिवर्सिटी के चंदे पर ED का कसता शिकंजा, लखनऊ बुलाए गए करीबी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सपा नेता आजम खान से जौहर ट्रस्ट को मिले करोड़ों के चंदे और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर आठ घंटे तक पूछताछ की।

आजम खान से पूछताछ करके बाहर निकलती ईडी की टीम
HighLights
जौहर ट्रस्ट को मिले करोड़ों के चंदे की जांच करने रामपुर पहुंची ईडी के तीन अधिकारियों की टीम
जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) का शिकंजा कसता जा रहा है। मंगलवार को रामपुर पहुंची ईडी की टीम ने जेल में बंद आजम खान से आठ घंटे तक पूछताछ की। जौहर ट्रस्ट द्वारा संचालित जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग व मनी लान्ड्रिंग के आरोपों के संबंध में सवाल जवाब किए। शाम पांच बजे टीम जेल से बाहर निकल गई।
मंगलवार को लखनऊ से संयुक्त निदेशक प्रवीण कुमार की अगुवाई में आई ईडी की तीन सदस्यीय टीम सुबह नौ बजे जिला कारागार पहुंच गई। यहां आजम खान अपने बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला के साथ दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे हैं।
बैरक नंबर एक में बंद आजम खान को अलग कक्ष में बैठाकर टीम ने जौहर ट्रस्ट को मिले करोड़ों के चंदे के बारे में जानकारी की। पूछताछ शाम करीब पांच बजे तक चली। इसके बाद टीम जेल से बाहर आई।

मीडिया कर्मियों ने टीम के अधिकारियों से आजम खान से पूछताछ को लेकर सवाल किए। हालांकि टीम ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया और तीनों अधिकारी गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए। चर्चा है कि पूछताछ अभी पूरी नहीं हो सकी है।
टीम करीब चार दिन तक यहां रहेगी और आजम खान से फिर पूछताछ कर सकती है। ईडी जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जौहर ट्रस्ट ही आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी का संचालन करता है।
ईडी को अब तक की जांच से पता चला है कि विभिन्न कंपनियों के माध्यम से जौहर विश्वविद्यालय को करोड़ों रुपये का चंदा दिया गया है। ईडी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चंदे की रकम कहां से आई और इसे किन माध्यमों से जौहर विश्वविद्यालय तक पहुंचाया गया?
इसके लिए ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ कर उनके बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। अब तक आजम खान के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला के दोस्त सालिम से दो बार ईडी पूछताछ कर चुकी है। सालिम को तीसरी बार फिर बुलाया गया है।
इसके अलावा अनवार को भी ईडी ने 15 अक्टूबर को लखनऊ में पूछताछ के लिए बुलाया है। सालिम और अनवार का आजम परिवार से बेहद करीबी मामला है। दोनों आजम खान के बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला के दोस्त हैं।
इससे पहले 25 सितंबर को ईडी ने जौहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जहीरुद्दीन से लखनऊ में करीब आठ घंटे पूछताछ की थी। उनसे ट्रस्ट को मिले चंदे, विश्वविद्यालय के निर्माण खर्च और संबंधित वित्तीय लेन-देन के बारे में सवाल किए थे। इसके अलावा ईडी ने छह अक्टूबर को सपा विधायक नसीर अहमद खां को भी लखनऊ बुलाकर सात घंटे तक पूछताछ की थी।
