Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rampur News: भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी, आजम खान के किले को किया था ध्वस्त

    By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
    Updated: Tue, 29 Aug 2023 02:36 PM (IST)

    Azam Khan भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की केंद्र सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई है। अब विधायक उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ ही सीआरपीएफ कमांडो के सुरक्षा घेरे में चलेंगे। वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देश में गिने चुने नेताओं के पास ही है। आजम खान का किला ध्वस्त करने वाले आकाश को अब केंद्र सरकार ने तोहफा दिया।

    Hero Image
    भाजपा विधायक आकाश सक्सेना को मिली वाई प्लस सिक्योरिटी, आजम खान के किले को किया था ध्वस्त

    रामपुर, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराने वाले भाजपा विधायक आकाश सक्सेना की केंद्र सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई है। अब विधायक उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ ही सीआरपीएफ कमांडो के सुरक्षा घेरे में चलेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देश में गिने चुने नेताओं के पास ही है। शहर विधायक आकाश सक्सेना सपा नेता आजम खान के धुर विरोधी हैं। उन्होंने आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए हैं।

    आजम खान के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे

    इनमें आजम खान के बेटे अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट और दो पेन कार्ड के मुकदमे भी शामिल हैं। इसमें दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खां, उनकी पत्नी पूर्व सांसद डा. तजीन फात्मा और बेटा अब्दुल्ला तीनों नामजद हैं। यह मुकदमा फैसले के करीब आ गया है। इसमें गवाही की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में अंतिम बहस चल रही है। इसके पूरा होने के बाद अदालत कभी भी फैसला सुना सकती है।

    सजा के चलते चली गई थी विधायकी

    27 अक्टूबर 2022 को आजम खान को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) से भड़काऊ भाषण के एक मामले में तीन साल की सजा होने पर उनकी विधायकी चली गई थी। इसके दो माह बाद शहर विधानसभा सीट पर उप चुनाव हुआ था। आठ दिसंबर को आए परिणाम में भाजपा के आकाश सक्सेना ने सपा के आसिम राजा को हरा दिया था।

    आजम खान को शिकस्त देने वाले आकाश सक्सेना

    शहर विधानसभा क्षेत्र आजम खान का गढ़ कहा जाता था। आजम खान ने सीतापुर जेल में रहकर भी इस सीट से चुनाव जीता था। आजादी के बाद पहली बार आकाश सक्सेना की बदौलत यह सीट भाजपा के खाते में आई, जिससे के बाद आकाश सक्सेना प्रदेश और केंद्र के शीर्ष नेताओं की नजरों में आ गए। प्रधानमंत्री ने भी उनसे मुलाकात कर जीत की बधाई दी थी।

    केंद्र सरकार है मेहरबान, मिली वाई प्लस सुरक्षा

    माना जा रहा है कि इन सभी कारणों के चलते केंद्र सरकार उन पर मेहरबान है। इसी के चलते उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। अब वह पूरे भारत वर्ष में कहीं भी वाई प्लस सुरक्षा में जाएंगे। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि भाजपा के शहर विधायक को वाई प्लस सुरक्षा मिली है। इसके अंतर्गत सीआरपीएफ की एक प्लाटून होती है, जिसमें 18 जवान शामिल होते हैं। ये जवान आधुनिक हथियारों से लैस होते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान भी सुरक्षा में रहते हैं।