विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी यूपी में फिर चलेगा आजम का सिक्का! टिकट वितरण में चलेगी 'खां साहब' की मर्जी, विरोधियों में मची खलबली

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:08 PM (IST)

जेल से रिहाई के बाद आजम खान का पश्चिमी यूपी में सपा के टिकट वितरण पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। अखिलेश ...और पढ़ें

आजम खां

आजम खां

HighLights

  1. चुनाव में आजम की नाराजगी का खतरा मोल नहीं लेगी सपा

जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी में आजम खां की हैसियत किसी से छिपी नहीं है। अभी तक उनके जेल में रहने से माना जा रहा था कि पार्टी से पश्चिम उत्तर प्रदेश के टिकट वितरण में आजम खां की भूमिका सीमित रहेगी। अब जमानत मिलने के बाद राजनीतिक परिदृश्य बदल चुका है।

अब वह चुनावी चौसर पर सीधे बिसात बिछाएंगे। ऐसे में पश्चिमी उप्र और खासकर मुरादाबाद मंडल में कई टिकट दावेदारों में बेचैनी बढ़ गई है। खासकर जिनसे आजम अदावत मानते हैं, वे ज्यादा परेशान हैं, इनमें कई वर्तमान विधायक भी हैं।

सपा में आजम का रुतबा कई बार दिख चुका है। 2024 में आजम लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद के सांसद रहे डा.एसटी हसन का टिकट कटवाकर रुचि वीरा को प्रत्याशी घोषित करा चुके हैं।

सपा मुखिया अखिलेश जब पिछले वर्ष आजम से मिलने रामपुर आए थे तब आजम की शर्त पर ही रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह को बरेली में ही हेलीकाप्टर से उतरना पड़ा था।

यही नहीं, 22 अक्टूबर को अखिलेश जब आजम से मिलने यहां जेल आए थे तो उन्होंने मीडिया के सामने कहा था कि गठबंधन और सपा के प्रत्याशियों की सूची पर आजम खां साहब से राय मशवरा किया गया है।

इनके अलावा भी कई प्रसंग पार्टी में आजम के कद को दर्शाते हैं। पिछले महीने ही आजम की पत्नी तजीन फातिमा जब अखिलेश से मिलने लखनऊ गई थीं तब भी चर्चा थी कि उन्होंने आजम का पैगाम पहुंचाया है।

इस दौरान टिकट के कई दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई थीं। इसी क्रम में सपा के कुछ विधायक भी बेचैन हैं। अभी तक माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव से पहले आजम का जेल से आना लगभग संभव नहीं है।

ऐसे में आजम से अदावत रखने वाले सपाई निश्चिंत थे। बदली परिस्थितियों में पश्चिम उप्र की कई सीटों पर टिकट के फैसले में आजम की रजामंदी अनिवार्य होगी।

सियासी पंडितों का मानना है कि जिस तरह आजाद समाज पार्टी से गठबंधन कर असदुद्दीन ओवैसी सपा के खिलाफ मुखर हुए हैं, उस हालत में अखिलेश आजम को नाराज करने का खतरा मोल नहीं लेंगे।

ओवैसी के प्रति मुस्लिम मतदाताओं का जिस तरह आकर्षण बढ़ रहा है उसकी काट सिर्फ आजम ही हैं। यही वजह है कि अखिलेश के लिए टिकट बंटवारे में आजम की रजामंदी लेनी जरूरी है।

सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर कहते हैं कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वैसे ही आजम खां का पिता समान सम्मान करते हैं। इसलिए आजम खां से बेहतर तालमेल के साथ पार्टी चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।

यह भी पढ़ें- आजम खां के लिए 'अच्छे दिनों' की आहट? सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के दो बड़े फैसलों ने बदली सियासी तस्वीर

यह भी पढ़ें- UP Politics: आजम खान की राहत से बदला पश्चिमी यूपी का सियासी खेल, अब ओवैसी और चंद्रशेखर के लिए बढ़ी चुनौती!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।