आजम खान के 3 मामलों में सुनवाई टली, डासना जेल में बंद होने से अधिवक्ताओं ने लगाई हाजिरी माफी
सपा नेता आजम खां के तीन मामलों की सुनवाई टल गई है, क्योंकि वे गाजियाबाद की डासना जेल में बंद ...और पढ़ें

आजम खान
जागरण संवाददाता, रामपुर। सपा नेता आजम खान ईडी की ओर से दर्ज कराए एक मुकदमे में गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं। इसके चलते मंगलवार को उनके मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। उनके अधिवक्ताओं ने सभी मामलों में प्रार्थना पत्र देकर न्यायालय को इसकी जानकारी दी और उनकी हाजिरी माफी भी गई।
इनमें एक मामला डूंगरपुर प्रकरण का था। डूंगरपुर प्रकरण वर्ष 2016 का है। तब प्रदेश में सपा की सरकार थी और आजम खान कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने पुलिस लाइन के पास डूंगरपुर में गरीबों के लिए आसरा आवास बनवाए थे।
यहां पहले से कुछ लोगों के मकान बने हुए थे, जिन्हें सरकारी जमीन पर बताकर तोड़ दिया गया था। इन लोगों ने ही भाजपा की सरकार आने पर वर्ष 2019 में गंज कोतवाली में मुकदमे दर्ज कराए थे।
इसकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में चल रही है। आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने बताया कि इसमें अब 17 नवंबर को सुनवाई होगी।
दूसरा मामला क्वालिटी बार की जगह कब्जाने का है। 21 नवंबर 2019 को तत्कालीन राजस्व निरीक्षक अनंगराज सिंह ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया था कि आजम खान ने मंत्री रहते हुए जिला सहकारी संघ की जमीन पर बने क्वालिटी बार की 302 वर्ग मीटर जगह अपनी पत्नी को 1200 रुपये किराये पर दिलवा दी थी।
बाद में इसमें आजम खान के बेटे को भी सह किरायेदार के रूप में दर्शा दिया गया था। इसमें आजम खान के अलावा उनकी पत्नी पूर्व सांसद डाॅ. तजीन फात्मा और बेटे पूर्व विधायक अब्दुल्ला समेत 13 लोगों को आरोपित बनाया है।
इसकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। इसके अतिरिक्त इसी कोर्ट में आजम खान के रामपुर पब्लिक स्कूल मान्यता में फर्जीवाड़े के मामले की भी सुनवाई थी। दोनों ही मामलों में अब 23 नवंबर लगी है।
यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद आजम खान पर फिर कसेगा शिकंजा, ED के बाद अब रामपुर पुलिस की तैयारी; 15 मामलों में रिमांड की योजना
यह भी पढ़ें- आजम खान को झटका या राहत? ED केस में रामपुर कोर्ट से पुलिस का रिमांड प्रार्थना पत्र निरस्त