विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेल से रिहा होते ही आखिर किस आरोप में गिरफ्तार हुए हैं आजम खान? गाजियाबाद कोर्ट में ईडी करेगी पेश

Published: Sun, 01 Nov 2026 10:22 AM (IST)

रामपुर जेल से रिहा होते ही आजम खान को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और ...और पढ़ें

आजम खान।

आजम खान।

HighLights

  1. आजम खान को जेल से रिहा होते ही ईडी ने गिरफ्तार किया।

  2. मनी लॉन्ड्रिंग और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप।

  3. ईडी टीम आजम खान को गाजियाबाद लेकर रवाना हुई।

जागरण संवाददाता, रामपुर। दो पैन कार्ड मामले में लगभग साल भर से जेल में बंद आजम खान रिहा होते ही गिरफ्तार हो गए। मनी लांड्रिंग के आरोप में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने उन्हें जेल के गेट पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम उन्हें अपने साथ गाजियाबाद ले गई है।

गिरफ्तारी के दौरान जेल के गेट पर आजम खान के समर्थकों ने ईडी के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाए। धक्का-मुक्की के बीच बड़ी संख्या में पुलिस व सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद रहे। आजम खान के साथ जेल से रिहा हुए उनके बेटा अब्दुल्ला समर्थकों के बीच अपने घर पहुंचे।

रिहाई से पहले जेल पहुंची ईडी की टीम

दो पैन कार्ड बनवाने और उनका लाभ लेने के मामले में आजम खान और उनके बेटे को पिछले वर्ष 17 नवंबर को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल से सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। तभी से वह जिला कारागार में बंद थे। अभियोजन पक्ष की अपील पर एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट सेशन ट्रायल में आजम खान की सजा बढ़ाकर दस वर्ष कर दी गई थी। इसके खिलाफ आजम की ओर से हाई कोर्ट इलाहाबाद में याचिका प्रस्तुत की गई।

29 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने दी थी जमानत

29 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने आजम और अब्दुल्ला को जमानत दे दी थी। इसके बाद से आजम खान के अधिवक्ता उनके मामलों में जमानती प्रस्तुत कर रिहाई के प्रयास में जुटे थे। शनिवार को न्यायालय ने आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला की रिहाई के लिए सभी मामलों में परवाने जारी कर दिए थे। इसकी भनक लगते ही शाम पांच बजे से बड़ी संख्या में आजम खान के समर्थक जिला कारागार के गेट पर जुटने शुरू हो गए।

पुलिस व सीआरपीएफ के साथ समर्थकों के बीच जेल के गेट से किया गिरफ्तार

तभी लगभग आधा दर्जन गाड़ियों से जेल पहुंची ईडी की टीम के अधिकारियों ने जेल के अंदर प्रवेश किया। समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए सीआरपीएफ के साथ भारी तादात में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शाम सात बजे के बाद आजम और अब्दुल्ला जेल के गेट से बाहर निकले। इसी दौरान ईडी के अधिकारियों ने आजम खान को उनके गिरफ्तारी वारंट दिखाए और अपनी गाड़ी में बैठाकर चले गए।

यह भी पढ़ें- रिहाई के बाद आजम खान को ईडी ने किया गिरफ्तार: गाजियाबाद कोर्ट से वारंट लाई थी टीम, 15 मिनट जेल के बाहर रहे सपा नेता

यह भी पढ़ें- जेल से रिहाई के बाद अब्दुल्ला आजम का छलका दर्द, बोले- 'अब्दुल्ला' नाम होने की मिल रही सजा

आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच फर्म के खिलाफ हुई थी एफआईआर 

एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग करने के मामले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने आजम खान और उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच फर्मों के खिलाफ अजीम नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि विश्वविद्यालय निर्माण पर खर्च हुए कुल बजट 494.46 करोड़ में 416.14 करोड़ रुपये का जौहर ट्रस्ट हिसाब नहीं दे पाया है। इसे ब्लैक मनी माना जा रहा है। निर्माण कार्य में आजम खान पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सरकारी बजट से 85.81 करोड़ रुपये खर्च करने का भी आरोप है। ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।