सात दिन पहले कराई रेप की FIR, फिर वरमाला पहनाकर मांग में सिंदूर भरवाया... चाची ने भतीजे से की थाने में शादी
रामपुर में एक अनोखी घटना सामने आई है जहां एक चाची ने पहले अपने भतीजे पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया और बाद में उसी से थाने में शादी कर ली। महिला पहले से ही तीन बच्चों की माँ है और उसके पति का कहना है कि उनका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। महिला ने भतीजे पर तीन साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

जागरण संवाददाता, रामपुर। जिले में एक अनोखी शादी का मामला चर्चा में बना हुआ है। एक महिला ने पहले अपने भतीजे पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। बाद में उसी भतीजे को थाने में वरमाला पहना दी। वहीं, महिला के पति का कहना है कि उनका तलाक नहीं हुआ है। पटवाई थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला तीन बच्चों की मां है। उसके पति ड्राइवर हैं।
महिला की एक संतान तीन माह पहले ही हुई है। महिला ने कुछ दिन पहले थाने में अपने जेठ के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें भतीजे पर तीन साल तक उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
महिला आरोपित भतीजे के साथ थाने पहुंच गई
गुरुवार को महिला आरोपित भतीजे के साथ थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से भतीजे के खिलाफ आगे कार्रवाई करने से मना कर दिया। इसके बाद थाना परिसर में ही महिला ने भतीजे के गले में वरमाला डाल दी और भतीजे से भी अपने गले में माला डलवाई। इसके बाद भतीजे ने मंगलसूत्र पहनाया। महिला अपने साथ सिंदूर भी लाई थी। उसने भतीजे से मांग में सिंदूर भी भरवाया। सिंदूर भरने के बाद भतीजे के पैर भी छूए। इसके बाद महिला भतीजे के साथ उसके घर चली गई।
पति ने कही ये बात
वहीं, महिला के पति का कहना है कि वह जब भी काम के लिए घर से बाहर जाता था तो भतीजा दीवार कूदकर आ जाता था। दोनों को काफी समझाया था। अब दोनों ने थाने में शादी कर ली है, जबकि अभी मेरे से तलाक नहीं हुआ है।
थाने में डाली वरमाला
पटवाई थाना प्रभारी संदीप मिश्रा का कहना है कि महिला ने पहले भतीजे पर दुष्कर्म की रिपोर्ट कराई थी। बाद में उसे लेकर खुद ही थाने आ गई और कार्रवाई से मना कर दिया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाल ली। महिला की ओर से मुकदमा दर्ज है। उसकी जांच चल रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।