विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आखिर याद आ ही गई...' अखिलेश रामपुर जेल पहुंचे तो भड़क गए आजम खान, अदीब के कंधे पर हाथ रखकर SP चीफ ने दिया ये संदेश

Published: Fri, 23 Oct 2026 06:22 AM (IST)

अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की, जहां आजम ने एक साल बाद याद आने पर ...और पढ़ें

जिला कारागार में प्रवेश करते समय आजम खान के बड़े बेटे अदीब के कंधे पर हाथ रखे अखिलेश यादव जागरण

जिला कारागार में प्रवेश करते समय आजम खान के बड़े बेटे अदीब के कंधे पर हाथ रखे अखिलेश यादव जागरण

HighLights

  1. साल भर बाद सुध लेने पर जताया गुस्सा, अखिलेश ने साधा मुस्लिम वोट बैंक

अनिल अवस्थी, रामपुर। साल भर बाद आजम से मिलने जेल पहुंचे अखिलेश यादव पर आजम खां अपने अंदाज में ही भड़के। कहा, आखिर आपको याद ही आ गई। हालांकि, अखिलेश ने उन्हें न सिर्फ संभाला बल्कि, हर स्तर पर साथ निभाने का वादा किया। मीडिया के सामने आजम के बेटे अदीब के कंधे पर हाथ रखकर पार्टी सहित साथ निभाने का संदेश दिया।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के हाव-भाव ने साफ कर दिया कि चुनाव से पूर्व उन्हें आजम का पूरा साथ चाहिए। असदुद्दीन ओवैसी के रामपुर दौरे के बाद यहां पहुंचे अखिलेश की चिंता बढ़ गई।

ओवैसी ने साफ कहा था कि सपा सरकार मुसलमानाें का सिर्फ उपयोग कर रही है। उससे सिर्फ दरी बिछवाती है। इसके बाद ही अखिलेश यादव ने आनन-फानन में रामपुर पहुंचने की घोषणा कर दी।

अखिलेश जैसे ही कारागार के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो उन्होंने वहां मौजूद अदीब के कंधे पर हाथ रख दिया। सामने मीडिया और आजम समर्थक खड़े थे। इसके जरिये उन्होंने संदेश देने का प्रयास किया कि वह आजम के साथ खड़े हैं।

सूत्र बताते हैं कि इसके बाद जब अखिलेश जेल के अंदर पहुंचे तो आजम खान ने उनका स्वागत यही कहकर किया कि आखिर याद आ ही गई। इसके बाद उन्होंने पिछली मुलाकात के बाद गुजरे दिनों का ब्योरा भी दे दिया।

अखिलेश ने भी सियासी व्यस्तता का हवाला देते हुए हर पल साथ खड़े रहने का वादा किया। इसके बाद आजम खान अखबारों में प्रकाशित जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ कसे जा रहे ईडी के शिकंजे पर भी बात की।

इस पर अखिलेश ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सियासी पंडितों की मानें तो यही वजह थी कि जेल में आजम से मिलने के बाद अखिलेश ने मीडिया से बात की और पार्टी के लिए आजम के महत्व का बखान भी किया।

आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे जैसे जुमले से मुस्लिमों को वह साधते नजर आए। इतना ही नहीं आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की सूची पर आजम से राय मशविरा करने तक का बयान दे दिया।

इससे यह साफ हो गया कि अखिलेश यादव किसी भी कीमत में आजम खान को चुनाव में नाराज नहीं रहने देना चाहते हैं। वहीं अखिलेश के इस दौरे में आजम खान उन पर दबाव बनाने में पूरी तरह कामयाब माने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश-आजम की मुलाकात से क्यों बढ़ी विरोधी दलों की बेचैनी? रामपुर की बिलासपुर सीट पर फंसा कांग्रेस का पेच

यह भी पढ़ें- 'आजम थे, हैं और रहेंगे...': रामपुर पहुंचकर भाजपा पर बरसे अखिलेश, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा