'आजम थे, हैं और रहेंगे...': रामपुर पहुंचकर भाजपा पर बरसे अखिलेश, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने रामपुर में आजम खान से मुलाकात के बाद भाजपा पर निशाना साधा, कहा कि सपा का लक्ष्य ...और पढ़ें

जिला कारागार में प्रवेश करते समय आजम खान के बड़े बेटे अदीब के कंधे पर हाथ रखे अखिलेश यादव जागरण
HighLights
ओवैसी और आजम से बातचीत के सवाल पर नहीं बोले अखिलेश
आजम के आवास पर एक घंटे बातचीत के बाद वापस लौटे अखिलेश
जागरण संवाददाता, रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का लक्ष्य स्पष्ट है। पार्टी का सीधा उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी को हराना है। इसके लिए सपा का प्रत्येक कार्यकर्ता तैयार हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता हमेशा के लिए प्रदेश से बाहर कर देगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे सभी ने देखे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक), सामाजिक न्याय और सच्चाई ही पार्टी के प्रमुख मुद्दे होंगे।
अखिलेश ने कहा कि सच्चाई यह है कि इन विश्वविद्यालयों और संस्थानों की स्थापना पीडीए वर्ग को आगे बढ़ाने और उसकी तरक्की के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।

उन्होंने एक ग्राफ दिखाते हुए अन्याय करने वाले भ्रष्टाचारी अधिकारियों पर टिप्प्णी की। आजम खान साहब से मिलकर आया हूं। आजम धे, आजम हैं और आजम रहेंगे। इस बार एतिहासिक सरकार बनने जा रही है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि रामपुर जैसे पौराणिक और ऐतिहासिक शहर में रामराज्य की मूल भावना को नष्ट किया जा रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा, जो लोग साजिश रचते हैं और दूसरों को परेशान करते हैं, वे हमेशा इस डर में रहते हैं कि एक न एक दिन सच सामने आ जाएगा। जो सच जानते हैं, उन्हें पता है कि जब खुलासा होगा, तब उन्हें समाज, देश और कानून को जवाब देना पड़ेगा।
रामपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, रामपुर एक ऐसी जगह है जिसका नाम भगवान राम से जुड़ा है, लेकिन यहां रामराज्य की आत्मा का गला घोंटा जा रहा है और उसे बर्बाद किया जा रहा है। इस बात को आपसे बेहतर कौन जान सकता है?
विरोधी दल पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने रामायण का संदर्भ दिया और कहा, रावण ने भी सिर्फ एक दिन के लिए भेष बदला था और माता सीता का हरण करके ले गया था। लेकिन यहां तो सालों से भेष बदलकर मुखौटा पहना हुआ है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद कहा कि समय लग सकता है, मगर फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं कि वह आजम को कैद रख सकें।

आगे कहा कि भाजपा को पढ़ाई से लेना-देना नहीं है। यूनिवर्सिटी जो बच्चों का भविष्य बनाती है, उसकी भी सरकार को चिंता नहीं है। यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने के लिए साजिश रची गई है। साजिश का राजफाश होगा।
इस सरकार में भाईचारे को कुचला जा रहा है। कहा कि धीरे-धीरे उनके अधिकारी भी उनका साथ छोड़ रहे हैं। ओवैसी के रामपुर आगमन और आजम से हुई बातचीत के सवाल पर वह कुछ नहीं बोले।
इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर करीब एक घंटे विलंब से जौहर विश्वविद्यालय में उतरा। यहां से वह जिला कारागार पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में समर्थक अखिलेश के स्वागत को जिला कारागार के पास जुट गए।
जेल में आजम खान से एक घंटे बातचीत के बाद उनके आवास पर पहुंचे अखिलेश यादव ने वहां भी एक घंटे का समय दिया। आवास पर उन्होंने आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा और उनके बेटे अब्दुल्ला अदीब से बात की। आवास से निकलते समय पत्रकारों ने अखिलेश से बात करने की कोशिश की मगर किसी को कोई जवाब दिए बगैर ही वह निकल गए।
