दूल्हे को देखते ही लड़की के घरवालों के उड़े होश, शादी से कर दिया साफ इनकार; किसी और से हुई दुल्हन की शादी
शाहबाद में एक अनोखा मामला सामने आया। व्हाट्सएप पर फोटो देखकर रिश्ता तय हुआ लेकिन निकाह के समय दूल्हा अलग निकला। परिवार ने निकाह से इनकार कर दिया। फिर रातों रात लड़की का किसी और युवक से निकाह करा दिया गया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

संवाद सहयोगी, शाहबाद। तकनीक के इस युग में रिश्ते भी अब इंटरनेट मीडिया के माध्यम से तय होने लगे हैं, लेकिन कई बार यह तरीका धोखे का शिकार भी बना देता है। ऐसा ही एक मामला नगर में सामने आया, जहां वाट्सएप पर हुई बातचीत और फोटो के आधार पर दूल्हा पसंद कर लिया गया। हालांकि जब निकाह का समय आया तो दूल्हा फोटो से अलग निकला। इस पर रिश्ता टूट गया और दुल्हन का तुरंत ही किसी अन्य युवक से निकाह करा दिया गया।
मामला जिले की शाहबाद तहसील क्षेत्र का है। यहां नगर में रहने वाला एक युवक दिल्ली में रहकर काम करता है। वहां उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिससे बाद में अच्छा परिचय हो गया। युवक ने अपनी बहन की शादी के लिए लड़का खोजने की बात उसे बता दी। उस व्यक्ति ने वाट्सएप पर एक लड़के का फोटो भेजा, जो घर में सभी को पसंद आ गया और रिश्ता तय हो गया।
निकाह की तारीख 13 सितंबर निश्चित की गई। निर्धारित तिथि पर जब बारात पहुंची तो गाड़ी में केवल सात लोग सवार थे, जबकि पहले से 30 लोगों के आने की जानकारी दी गई थी। दूल्हे को देखकर लड़की के भाई को शक हुआ।
उन्होंने तुरंत पुराने वाट्सएप संदेश और फोटो देखे। दूल्हा वह नहीं था, जिसकी फोटो वाट्सएप पर भेजी गई थी। इसके बाद परिवार ने आपस में बात करके निकाह से मना कर दिया। बारात वापस लौट गई। इसके बाद रातों रात लड़की का निकाह एक अन्य युवक से करा दिया गया। यह घटना नगर में चर्चा का विषय बन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।