गन्ने के खेत में निकला 9 फीट लंबा विशाल अजगर तो किसानों में मच गई खलबली, दूर-दूर से देखने पहुंचे लोग
मिलक के सिरसा गांव में गन्ने के खेत में 9 फीट लंबा अजगर मिलने से किसानों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़कर पीपली वन में छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

खेत से पकड़ गया लंबा अजगर।
HighLights
मिलक के सिरसा गांव में मिला 9 फीट लंबा अजगर।
गन्ने के खेत में अजगर देख किसानों में मची खलबली।
वन विभाग ने अजगर को पकड़कर पीपली वन में छोड़ा।
संवाद सहयोगी, मिलक (रामपुर)। गन्ने की फसल में 9 फीट लंबा विशाल अजगर मिलने से गन्ना काट रहे किसानों में हड़कंप मच गया। अजगर को देखते ही खेत में काम कर रहे किसान घबरा गए और तुरंत खेत से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची बन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़कर पीपली बन में छोड़ दिया।
क्षेत्र के ग्राम सिरसा के किसान अपने खेत में गन्ना काट रहे थे। तभी अचानक गन्ने की घनी फसल के बीच उन्हें एक विशाल अजगर दिखाई दिया।
अजगर का आकार देखकर किसान सहम गए। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए दूर से ही नजर बनाए रखी और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
9 फीट लंबा अजगर देखने पहुंचे दूर-दूर से लोग
टीम के पहुंचते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। लोग 9 फीट लंबे अजगर को देखने के लिए दूर-दूर से पहुंचने लगे। वन विभाग की टीम ने सावधानी और कुशलता के साथ गन्ने के खेत से अजगर को बाहर निकाला और उसे पकड़ लिया जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
पीपली वन में छोड़ा जाएगा अजगर
वन विभाग के रेंजर संतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर ग्राम सिरसा में गन्ने के खेत से 9 फीट लंबा अजगर पकड़ा गया है। अजगर पूरी तरह से स्वस्थ है। उन्होंने बताया कि अजगर को सुरक्षित रूप से पीपली वन में छोड़ दिया जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में रह सके।