बलरामपुर : खड़े ट्रक में घुसी शादी से लौट रही कार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत; दो बच्चों की हालत गंभीर
लखीमपुर से शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार बहराइच में सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
शादी से लौटते परिवार की कार ट्रक से टकराई।
मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हुई।
दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। लखीमपुर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा परिवार राष्ट्रीय राजमार्ग बहराइच स्थित देहात कोतवाली के कल्ला भट्ठा गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में सवार बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित ठकुराई टोला, वार्ड नंबर चार सुहारी निवासी 40 वर्षीय अखिलेश कुमार अविनाश एवं उनकी मां 60 वर्षीय पूनम देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में अखिलेश की सात वर्षीय बेटी निष्ठा और 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल बच्चों का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि अखिलेश कुमार अविनाशी अपनी मां पूनम, बेटे दिव्यांश, बेटी निष्ठा और पत्नी के साथ लखीमपुर स्थित ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह पूरा परिवार कार से वापस घर लौट रहा था। उनकी पत्नी अपने मायके से नोएडा चली गई थीं। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे उनकी कार बहराइच मार्ग स्थित कल्ला भट्ठा गांव के पास पहुंची।
पूनम देवी की घटनास्थल पर ही हुई मौत
अज्ञात कारणों से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में कार सवार अखिलेश कुमार और उनकी मां पूनम देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटे दिव्यांश और बेटी निष्ठा को पुलिस ने जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। घायल बच्ची निष्ठा ने बताया कि वह अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए नानी के घर गई थी। शादी 26 नवंबर को थी।
शनिवार सुबह लगभग चार बजे वह अपने भाई, पिता और दादी के साथ नानी के घर से निकली थी। इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ भी याद नहीं है। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने बताया कि मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। मृतक अखिलेश की पत्नी नोएडा से आ रही हैं। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सदमे में हैं बच्चे, कर रहे मां की प्रतीक्षा
मार्ग दुर्घटना ने दिव्यांश और निष्ठा के सिर से पिता का साया छीन लिया है। हादसे के समय दोनों बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। उनकी आंख खुली तो दोनों ने अपने को अस्पताल में पाया। पिता और दादी की मौत से दोनों बच्चे सदमे में हैं।
यह भी पढ़ें- हरदोई: समय पर वोटर ID पहुंचाने के लिए डाक विभाग की स्पेशल व्यवस्था, 8 दिन में बांटे 15218 कार्ड
जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती दोनों बच्चे अब अपनी मां के आने की राह देख रहे हैं। निष्ठा अस्पताल कर्मियों से पूछ रही है कि उसके पापा और दादी कहां हैं। वहीं, दिव्यांश के दोनों पैर की हड्डी टूट गई है। सिर में भी गंभीर चोट आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।