'गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही BJP', कार्यकर्ताओं से बोले राहुल गांधी- लोगों में बनाए रखें अपनी पकड़
रायबरेली सांसद राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले यहां हनुमान मंदिर में आरती पूजन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद उनका काफिला बछरावां पहुंचा जहां उन्होंने बछरावां विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर भारी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। विपक्ष के नेता व रायबरेली सांसद राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले यहां हनुमान मंदिर में आरती पूजन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इसके बाद उनका काफिला बछरावां पहुंचा जहां उन्होंने बछरावां विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया। पूर्वाह्न 11 बजे राहुल गांधी का काफिला बछरावां के सिंह द्वार चुरुवा हनुमान मंदिर पर रुका। उन्होंने पहले हनुमान जी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। फिर लड्डूओ का भोग लगाया।
पूरे विधि-विधान से की पूजा
इसके बाद पूरे विधि विधान के साथ हनुमान जी की आरती की। मंदिर के पुजारी चंद्रमणि अवस्थी ने उन्हें पूरे विधि विधान के साथ पूजा कराई। इस मौके पर भारी संख्या में कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। करीब 10 मिनट के पूजा पाठ के बाद उनका काफिला बछरावां की ओर निकल पड़ा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचा काफिला
वहीं 11:16 पर उनका काफिला नगर पंचायत कार्यालय के पास आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचा। जहां कांग्रेसी नेताओं ने फूलमालाओं से लादकर राहुल गांधी भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर जिले तक के कार्यकर्ता जन जन तक अपनी पकड़ बनाए रखें।
मुख्य मुद्दों से ध्यायान भटका रही भाजपा
लोगों की समस्याओं के लिए आवाज उठाएं। मौजूदा समय केंद्र व उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। यह सरकार लोगों का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटका रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी भी बढ़ती जा रही है। पर्याप्त रोजगार देने में केंद्र की सरकार सक्षम नहीं है।
पूंजीपतियों को दिया जा रहा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दे वह संसद के अंदर रख रहे हैं। आप सभी लोग आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जी जान से जुट जाएं और गांव-गांव जाकर लोगों को कांग्रेस की नीतियों के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में आप लोग देख रहे हैं कि किस तरह से पूंजीपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
टैक्स की वजह से परेशान हैं छोटे व्यापारी
छोटे व्यापारी तमाम टैक्स की वजह से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जो भी टैक्स लगे हैं उनकी वजह से महंगाई आज कई गुना ज्यादा बढ़ चुकी है। आप सभी लोग भाजपा की इस नाकामी को भी लोगों तक पहुंचाएं।
लोगों से सच्चाई के रास्ते पर चलने की अपील
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि किसी से डरने की जरूरत नहीं है। अगर आप लोग सच्चाई के रास्ते पर चलेंगे तो कोई भी कुछ नहीं कर सकता है। लगभग 11: 48 बजे उनका काफिला रायबरेली की ओर रवाना हो गया।
दो दर्जन भाजपायों को पुलिस ने किया नजरबंद
राहुल गांधी के आगमन पर भाजपाइयों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की भनक लगते ही पुलिस सक्रिय हो गई। लगभग दो दर्जन भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में लगभग एक घंटे तक नजरबंद रखा। भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश वर्मा ने बताया कि वह व उनके साथी राहुल गांधी का विरोध करने वाले थे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी रायबरेली के सांसद हैं, लेकिन यहां के लोगों की समस्याओं को लेकर वह गंभीर नहीं हैं। जनता उनसे मिल नहीं सकती। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने देखा कि कोई भी व्यक्ति उनसे मिलना चाह रहा था तो वह उन तक पहुंच नहीं पा रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे सांसद से क्या फायदा जिससे लोग अपनी समस्या तक उससे मिलकर न बता पाएं।
नाराज हैं भाजपाई
इन्हीं सब बातों को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता नाराज हैं और उनका विरोध कर रहे थे, परंतु पुलिस ने उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ नगर पंचायत कार्यालय में नजर बंद कर दिया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवेश वर्मा, हरिओम चतुर्वेदी, राजकुमार गुप्ता, पंकज पटेल, अमित चौधरी, वीरेंद्र गौतम, मनीष गुप्ता सहित दो दर्जन भाजपाई नजरबंद किए गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।