रायबरेली में धनतेरस पर 200 करोड़ से अधिक का कारोबार, बाजारों में उमड़ी भीड़ से व्यापारियों के चेहरे खिले
रायबरेली में धनतेरस पर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

बर्तन खरीदते लोग: जागरण
HighLights
रायबरेली में धनतेरस पर 200 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।
सराफा, बर्तन, ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की।
हल्की ज्वेलरी और गोल्ड कोटेड चांदी के सिक्कों की मांग बढ़ी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। धनतेरस पर शुक्रवार को जनपद की बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से शुरू हुआ ग्राहकों के बाजार आने का सिलसिला शाम होते होते और तेज हो गया। हालांकि सुबह से ही सभी बाजारों में भीड़ रही, लेकिन दोपहर बाद भीड़ ऐसी बढ़ी कि ग्राहकों को बाजार पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सराफा, बर्तन से लेकर आटोमोबाइल सेक्टर तक लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में ग्राहकों की आमद देख व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। हालांकि पर्व पर जनपद में हुए कुल कारोबार के आंकड़ों पर व्यापारी नेताओं की अलग-अलग राय रही, लेकिन जमकर हुई खरीदारी को लेकर सभी संतुष्ट नजर आए।
शहर की सभी प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। किसी ने सोने-चांदी के सिक्के खरीदे तो किसी ने जरूरत के अनुसार घर के लिए नए बर्तन, टीवी, फ्रिज और वाशिंग मशीन खरीदी। इस बार बाजार में एक खास बदलाव दिखाई दिया।
सोने की कीमतों के बीच लोगों ने भारी गहनों के बजाय हल्की ज्वेलरी और कम वजन के सिक्कों को प्राथमिकता दी। वहीं, बर्तन बाजार में कांसे की थालियों और पीतल के पूजा बर्तनों की मांग रही।
वहीं, ग्राहकों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर अपनी पसंद की गाड़ियां पहले ही बुक करा ली थी। कैपरगंज व घंटाघर स्थित स्थित सराफा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। सोना-चांदी खरीदने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंचे। इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी रौनक देखने को मिली।
लोगों ने शोरूम में छूट, एक्सचेंज और किस्तों की सुविधा का जमकर लाभ उठाया। घर को सजाने के लिए पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ इस बार डिजाइनर लैंप, एलईडी झालरें, मोमबत्तियां और कृत्रिम फूलों की मालाओं की बिक्री हुई।
खूब पसंद किए गए एक ग्राम के सिक्के
इस बार लोगों ने भारी ज्वेलरी की जगह हल्के आभूषण पसंद किए। सोने-चांदी के सिक्कों की भी अच्छी मांग रही। इस बार एक ग्राम का गोल्ड कोटेड चांदी का सिक्का लोगों को खूब पसंद आया। इसकी मांग अधिक रही।
-पुरुषोत्तम गुप्ता, आभूषण व्यापारी
अच्छा हुआ कारोबार
धनतेरस पर सभी बाजारों में भीड़ रही। ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। अगर सभी सेक्टर की बात की जाए तो जनपद में करीब 200 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।
-अतुल गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष, उप्र युवा उद्योग व्यापार मंडल
यह भी पढ़ें- पटाखों की दुकानों पर बाल श्रम पर नकेल, रायबरेली में 6 से 8 नवंबर तक चलेगा श्रम विभाग का अभियान
यह भी पढ़ें- एम्स रायबरेली को सबसे अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड बनाने पर मिला आयुष्मान मेधा सम्मान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।